चंडीगढ़, 1 फरवरी- विश्व की प्रसिद्घ अंतरिक्ष वैज्ञानिक कल्पना चावला की दसवीं पुण्य तिथि के अवसर पर उनके पैतृक स्कूल टैगोर बाल निकेतन करनाल में एक समारोह का आयोजन कर उन्हें श्रद्घांजलि दी गई। श्रद्घांजलि देने वालों में विधायक श्रीमती सुमिता सिंह, स्कूल स्टाफ, विद्यार्थी अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। श्रद्घांजलि उपरान्त समारोह को सम्बोधित करते हुए विधायक श्रीमती सुमिता ने कहा कि डॉ कल्पना चावला से पे्ररणा लेकर विद्यार्थियों को जीवन को सफल बनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने अपने मेहनत से दुनिया में न केवल अपना नाम रोशन किया बल्कि करनाल शहर व इस स्कूल का नाम भी रोशन किया है। स्कूल के प्राचार्य डॉ राजन लाम्बा ने अपने सम्बोधन में कहा कि कल्पना चावला हमारे लिए आदर्श हैं और उन्हीं के कारण इस विद्यालय का नाम पूरी दुनिया में प्रसिद्घ हुआ है। उन्हीं के प्रयासों से 1988 से इस विद्यालय के तीस विद्यार्थी ‘नासा’ में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और आगे भी करते रहेंगे। इस अवसर पर विधायक श्रीमती सुमिता सिंह ने विद्यालय के दो मेधावी छात्रों नामतः शुभम सेन व स्मृति संधान को कल्पना चावला पुरस्कार के रूप में 21-21 हजार रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट किये। यह पुरस्कार दिल्ली के प्रसिद्घ प्रकाशन हाऊस रूपा एण्ड कम्पनी की ओर से विद्यार्थियों को तीन वर्ष की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल व अन्य क्षेत्रों में उपलब्धियों के आधार पर दिया जाता है।