कसौली - कभी भारत की सत्ता के उत्तराधिकारी माने जाने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी बेहद ही गोपनीय रूप से गत सुबह पर्यटन नगरी कसौली में आराम फरमाने पंहुचे । उनका यह दौरा इतना गुप्त था कि स्थानीय पुलिस व प्रशासन को भी इसकी भनक नहीं लगी। राहुल गांधी कसौली में अपनी नानी शोभा नेहरू से मिलने पंहुचे थे। राहुल गांधी गुरुवार दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे अपने पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों के काफिले मे चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए। राहुल गांधी इससे पहले भी कसौली में नानी शोभा नेहरू से मिलने आते रहे हैं। पिछली बार वह हिमाचल के विधानसभा चुनावों से पहले यहां आए थे।
राहुल का काफिला जैसे ही कसौली से रवाना होने लगा तो स्थानीय युवाओं ने उनसे मिलने की कोशिश की और राहुल गांधी ने भी उन्हें निराश नहीं किया। वह अपनी गाड़ी से उतर आए व उनके साथ फोटो खिंचवाई। बता दें कि राहुल गांधी की नानी शोभा नहेरू बीते कई वर्षों से कसौली में रह रही हैं और अकसर राहुल उनसे मिलने यहां आते रहते हैं। उनके आने से पहले कसौली व आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा-व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया था। एसपीजी कमांडो उनके आने से पहले ही यहां पहुंच गए थे। शोभा नेहरू के बंगले के बाहर कई युवक राहुल की एक झलक पाने के लिए गुरुवार सुबह ही एकत्रित होना शुरू हो गए थे। इस दौरान कई युवाओं ने उनसे बात करने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा कड़ी होने की वजह से अधिकतर युवक उनके तक पहुंच ही नहीं पाए।