शिमला (एसएनएस) - भाजपा उपाध्यक्ष महेन्द्र सिंह ठाकुर व नरेन्द्र बरागटा ने सामरिक महत्व की भानूपल्ली-लेह रेल निर्माण परियोजना की सैद्धांतिक मंजूरी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केन्द्र की एनडीए सरकार का धन्यवाद किया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि इस रेल परियोजना के निर्माण से जहां भारत सामरिक दृष्टि से मजबूत होगा वहीं हिमाचल प्रदेश की तरक्की को भी नया आयाम मिलेगा।
ठाकुर महेन्द्र सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मु यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल सांसद रहने से मुख्यमंत्री रहने तक इस मसले को बार-बार केन्द्र सरकार के समक्ष उठाते रहे हैं और उनकी जोरदार पैरवी से केन्द्र सरकार भी सामरिक महत्व की इस परियोजना के निर्माण के प्रति सजग हुई थी। प्रो. धूमल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के साथ अपनी मुलाकात में भी इस मसले को उठाया था और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उस समय और सुजानपुर की ऐतिहासिक रैली के दौरान भी यह वायदा किया था कि हिमाचल में रेल के विकास के प्रति भाजपा सरकार पूर्णत: समर्पित रहेगी।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पूर्व में जब-जब भी भाजपा नेताओं ने केन्द्र की यूपीए सरकार के समक्ष इस मसले को उठाया तब-तब निराशा का सामना करना पड़ा। परन्तु अब देश की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए केन्द्र की एनडीए सरकार ने जिस तरह से इस महत्वपूर्ण रेल परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दी है वह निश्चितरूप से काबिले तारीफ है और केन्द्र सरकार बधाई की पात्र है।