शिमला - कोटखाई तहसील के स्थानीय डाकघर में पिछले डेढ़ माह से कर्लक के रिक्त पद के चलते लोगों को भारी परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। स्थिति यह हो चली है कि पिछले डेढ़ माह से क्लर्क के रिक्त पद को भरने के लिए विभाग कोई भी कार्यवाही अमल में नहीं ला रहा जिसके चलते लोगों को छोटे से छोटे काम के लिए भी लाईन में खड़े होना पड़ रहा है व साथ ही लोगों को लंबे समय के इन्तजार के बाद अपना कार्य करवाना पड़ रहा है।
उक्त रिक्त पद के चलते कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों को भी क्लर्क के पद का अतिरिक्त कार्य संभालना पड़ रहा है। डाक घर में जिस दिन अधिक भीड़ रहती है उस दिन भारी भीड़ के चलते कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों को न सिर्फ अपना कार्य बल्कि लोगों के लंबित कार्य निपटाने के लिए भी भारी मुशक्कत करते देखा जा सकता है।
उधर डाकघर के कार्यालय में अपना काम करवाने आए संजय, विजय, विशाल, शेर सिहं व अनिल सहित अन्य लोगों ने जानकारी देते हुए कहा कि पहले वह जब भी डाकघर के कार्यालय में अपना कार्य करवाने आते थे तो उस समय उन्हें ज्यादा देर तक इंतजार नहीं करना पड़ता था व लोगों को कोटखाई डाकघर कार्यालय में अच्छी सुविधाएं प्राप्त होती थी। परन्तु पिछले डेढ़ माह से उन्हीं कार्यों को करने के लिए रिक्त पद के चलते उन्हें लंबे समय तक कतार में खड़ा रहना पड़ता है। जिसके चलते उनके अन्य कार्य भी रह जाते हैं। क्षेत्र वासियों ने डाक विभाग के आला अधिकारियों से जल्द से जल्द कर्लक के रिक्त पद को भरने की पूरजोर मांग की है ताकि लोगों को अच्छी सुविधा के साथ-साथ इस गंभीर समस्या से निजात मिल सके।
(एसएनएस के सौजन्य से)