चंडीगढ - हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने असंध इलाके में विकास कार्यो की झड़ी लगाते हुए गांवों के लिए 10 करोड़ रूपये की राशि व नगरपालिका के लिए 2 करोड़ रूपये की राशि देने की घोषणा की है। इसके अलावा असंध में सरकारी कॉलेज तथा जुण्डला को उप-तहसील बनाने की भी घोषणा की है। सरकारी कॉलेज में इसी साल से कक्षाएं शुरू करवाने का भी आश्वासन दिया। असंध शहर के सौन्दर्यकरण के लिए सड़कों को चौड़ा किया जाएगा तथा सड़कों पर डिवाईडर व लाईट भी लगवाई जाएगी।
हुडडा आज असंध अनाज मंडी में आयोजित धन्यवाद रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली में भारी जनसमूह से गदगद होकर मुख्यमंत्री ने असंध क्षेत्र के लोगों को मुबारकबाद दी और विकास कार्यो का पिटारा खोल दिया। सरकारी कॉलेज बनाने की घोषणा करके मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र की वर्षो पुरानी मांग को पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपने अंदाज में आह्वान किया कि आने वाले विधान सभा चुनावों में तुम मेरी नैया पार लगा लगाओ,मैं तुम्हारी नैया पार लगा दूंगा।
मुख्यमंत्री हुडडा ने आगे अपने सम्बोधन में कहा कि लोकसभा के चुनावों में पूरे देश में निराशाजनक परिणाम सामने आए है, लेकिन चुनाव के बाद उन्होंने जितनी अब तक की जिला व ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं की मीटिंग व जनसभाएं की है, उन सभी में 36 बिरादरी के लोगों ने उन्हें पूरा सहयोग दिया है। इसलिए आने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की तीसरी बार सरकार बनेगी। उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि लोकसभा का चुनाव पार्टी की नीतियों पर आधारित न होकर एक व्यक्ति विशेष के पक्ष में माहौल तैयार किया गया था। जिसके कारण देश की जनता गुमराह हो गई थी। मात्र एक माह की अवधि के दौरान ही केन्द्र सरकार की नीतियों से देश की जनता आहत हो गई है। अब उन्हें मंहगाई की मार झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की नीतियों की वजह से अब आलू, टमाटर, प्याज तथा चावल मंहगा हो गया है, लेकिन किसान की जीरी सहित अन्य फसलों का दाम कम है। उन्होंने किसानों को आश्वान दिलाया कि मानसून की स्थिति कैसी भी हो, मैंने प्रदेश के किसानों की एक एकड़ फसल भी न तो पहले सूखने दिया है और न आगे सूखने दूंगा।
हुडडा ने कहा कि भाजपा किसान,मजदूर,व्यापारियों की पार्टी न होकर धनाडय की पार्टी है। इस पार्टी की सरकार ने कभी भी किसान,मजदूर,व्यापारियों के हितों की बात नहीं की है। उन्होंने भाजपा शासित प्रदेशों की सरकारों के विकास कार्यो व जनकल्याणकारी योजनाओं की तुलना करते हुए बताया कि पैट्रोल, डीजल, बिजली हरियाणा प्रदेश में सस्ती दर पर उपलब्ध करवाया जा रही है। इतना ही नहीं जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत वृद्ध सम्मान भत्ता, विधवा व विकलांग पेंशन राशि 1 हजार रूपये दी जा रही है। गुजरात जैसे प्रदेश में अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की रूप में जितनी राशि पूरे साल में दी जाती है। उससे अधिक राशि हरियाणा में एक माह के दौरान विद्यार्थियों में वितरित की जाती है।
धन्यवाद रैली में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करें ताकि आने वाले विधानसभा चुनावों में तीसरी बार कांग्रेस पार्टी की सरकार बने। उन्होंने कहा कि विपक्ष पार्टियों के लोक लुभावने वायदों पर कड़ी नजर रखते हुए जनता को गुमराह होने से बचाए। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा जैसी पार्टी ने जनता को बड़े-बडे़ सपने दिखाए ,लेकिन कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता अपनी सरकार के हकीकत के विकास कार्यो व जनकल्याणकारी योजनाओं को अच्छी तरह से लोगों के बीच नहीं रख सके है। यहीं कारण रहा कि लोकसभा के चुनाव निराशाजनक रहे। उन्होंने कहा कि विगत 5 जून से चलाए गए जनजागरण अभियान के तहत कांगे्रस पार्टी ने 2 लाख 14 हजार कार्यकर्ताओं ने जंगी फौज तैयार की है,इनके दम पर ही आने वाला विधानसभा चुनाव पूर्ण बहुमत के साथ जीता जाएगा। उन्होंने हरियाणा में अलग से शिरोमणी गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी बनाए जाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया।
रोहतक के सांसद दीपेन्द्र हुडडा ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि लोकसभा चुनावों के परिणामों से कार्यकर्ता सबक ले और जहां कमजोरी रह गई है उसे विधानसभा चुनाव में दूर करें। उन्होंने विधानसभा चुनावों में जीत के प्रति आश्वस्त होते हुए कहा कि आने वाले चुनावों में मतगणना के दिन प्रातः 11 बजे ही कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों की जीत का ढोल बजना शुरू हो जाएगा। उन्होंने स्थानीय विधायक जिले राम शर्मा की मांग का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री से असंध में सरकारी कॉलेज खोलने की मांग की थी।
स्थानीय विधायक जिले राम शर्मा ने असंध क्षेत्र में अब तक हुए करोड़ो रूपये की राशि के विकास कार्यो के लिए मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुडडा का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि श्री हुडडा ने अपने कार्यकाल के दौरान इतने अधिक विकास कार्य करवाएं है,जबकि विपक्ष की सरकारों ने अपनी पूरी अवधी में करवाएं है। उन्होंने दावा किया है कि विकास कार्यो की बदौलत ही आने वाले विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुडडा के नेतृत्व में हरियाणा में तीसरी बार कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी। यह जन सैलाब इस बात का प्रमाण है।
इस अवसर पर करनाल की विधायक सुमिता सिंह,कांग्रेसी नेता सुरेन्द्र नरवाल, रमेश चौधरी, राजकुमार सैनी, शेर प्रताप शेरी, करतार सिंह सिंधड़, पंकज पुनिया, जोगिन्द्र राणा सालवन, कमल मान, रेखा सुशील गुर्जर, रामपाल रोड़, रामनिवास जिंदल, रामस्वरूप जांबाज, साहब सिंह विर्क, कृष्णमान बल्ला ने भी जन सभा को सम्बोधित किया।
इस मौके पर सीपीएस रामकिशन गुर्जर,पूर्व मंत्री भीम सेन मेहता, मीना मंडल, प्रशन्नी देवी, नीटू मान, अनिल राणा, बिंदर मान, रघुवीर सन्धू, भगवान दास बंसल, गुरूदेव लाढी, रामपाल गोयल, ईश्वर चंद, रामेश्वर वाल्मीकि, पवन शर्मा, मास्टर नाथी राम वाल्मीकि, गुरप्रीत थल, पदम गुप्ता, जयभगवान शर्मा, जंगलाराम, लाला मोती राम, नरवैर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।