चंडीगढ - हरियाणा सरकार ने भारतीय चिकित्सा पद्धति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयुष विभाग के अंतर्गत संचालित सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानों में पंचकर्मा थैरपी की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध करवाने की घोषणा की है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने लोगों को मुख्यमंत्री मुफ्त इलाज योजना के तहत उपलब्ध करवाई जा रही नि:शुल्क चिकित्सा सेवाओं के अंतर्गत पंचकर्मा को भी शामिल करने की स्वीकृति प्रदान की है ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सके। वर्तमान में पंचकूला के सेक्टर-9 स्थित राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय में पंचकर्मा थैरपी की सुविधा कुछ शुल्क के साथ प्रदान की जा रही थी, जिसे अब नि:शुल्क करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा, 15 जिला अस्पतालों में पंचकर्मा केन्द्र स्थापित किये गये है तथा आने वाले समय में छह अन्य अस्पतालों में भी पंचकर्मा केन्द्र खोलने का प्रस्ताव है।