चण्डीगढ़, 30 जनवरी- हरियाणा सरकार ने राज्य चौकसी ब्यूरो के निदेशक की नियुक्ति के लिए तीन भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों का एक पैनल तैयार करने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक चयन समिति गठित की है। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव इस समिति के अन्य सदस्य होंगे।
यह समिति सेवा रिकॉर्ड की छानबीन करने के उपरान्त व वरिष्ठता, ईमानदारी, योग्यता और जांच में अनुभव के आधार पर 25 साल की सेवा करने वाले महानिदेशक या अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के रैंक के अधिकारियों में से पैनल तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि यह समिति पैनल तैयार करते हुए तीन जुलाई, 2012 की अधिसूचना को भी ध्यान में रखेगी।
चयन समिति की सिफारिशों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा, जो अंतिम चयन करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि पैनल में कोई भी उपयुक्त उम्मीदवार नहीं पाया जाता है तो उसका कारण दर्ज किया जाएगा और समिति को एक नया पैनल तेयार करने के लिए कहा जाएगा।