चंडीगढ - हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने आतंकवाद से ग्रस्त ईराक में फंसे प्रदेश के लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया है।
आज यहां जारी एक वक्तव्य में श्री हुड्डा ने कहा कि राज्य सरकार ईराक की आपात स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है तथा राज्य के लोगों की सुरक्षित वापसी को सुनिश्चित करने के लिए केन्द्रीय गृह एवं विदेश मंत्रालय से लगातार संपर्क में है।
श्री हुडडा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा टेलीफोन नम्बर 0172-5059197 के साथ एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। हरियाणा का कोई भी व्यक्ति जो ईराक में फंसे अपने परिवार के किसी सदस्य या रिश्तेदार की सूचना देना चाहता है, इस कंट्रोल रूप के फोन नम्बर पर दे सकता है। यह कंट्रोल रूप चौबीसों घंटे संचालित रहेगा ताकि सूचना मिलते ही आवश्यक कदम उठाये जा सके और ईराक में फंसे प्रदेश के लोगों की सुरक्षित वापसी हो सके।
इस कंट्रोल रूम का प्रभारी हरियाणा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त निदेशक, प्रैस, श्री राजीव खोसला को बनाया गया है, जिनके मोबाइल नंबर 09780177895 पर किसी भी समय संपर्क किया जा सकता है।