चण्डीगढ़ - हरियाणा के कैथल जिले में लावारिस हालत में मिली एक 10 वर्षीय लडक़ी को कैथल जिला बाल संरक्षण समिति द्वारा बाल कल्याण समिति के सदस्यों की उपस्थिति में आज उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।
एक सरकारी प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह लडकी 19 मई, 2014 को रात्रि करीब 10 बजे पुलिस को खाटू श्याम मंदिर के पास लावारिस अवस्था में मिली थी, बोलने में असमर्थ होने के कारण वह अपने घर-परिवार का पता नहीं बता पायी थी। जिसके चलते जिला बाल संरक्षण समिति के सहायता से इसे अस्थायी आश्रय के लिए जिला के बाल सेवा आश्रम में भेज दिया गया था।
प्रवक्ता ने बताया कि लडक़ी के माता-पिता अपनी लडक़ी को लेने के लिए जिला बाल संरक्षण समिति के समक्ष पेश हुए। लडक़ी के पिता हिम्मत सिंह ने बताया कि वे सिरटा रोड़ पर ही झुग्गियों में रहते हैं और उसकी लडक़ी निशा कल से गुम थी। लडक़ी का कोई पता नहीं लगा था। इसके बाद वे अपने वार्ड नं0 31 के नगर पार्षद से मिले। इसके उपरांत नगर पार्षद ने शहर थाना पुलिस से संपर्क किया जिससे पता चला कि लडक़ी को बाल सेवा आश्रम में रखा गया है। उन्होंने बताया कि लडक़ी के माता-पिता का पता चल जाने के संबंध में बाल कल्याण समिति के सदस्यों को सूचित किया गया और जिला बाल सरंक्षण समिति के सहयोग से बाल कल्याण समिति ने सभी आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद लडक़ी को उसके माता-पिता को सौंप दिया।