चंडीगढ़ - हरियाणा सरकार ने बुढ़ापा सम्मान भत्ता योजना, विधवा पैंशन, नि:शक्त पैंशन तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा पैंशन चरणबद्ध तरीके से बैंकों की शाखा वाले गांवों तथा छोटे शहरों में बैंकों के माध्यम से वितरित करने का निर्णय लिया है।
यह निर्णय मुख्यमन्त्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया।
बैठक में मुख्यमन्त्री को अवगत करवाया कि पंचकूला जिले के बरवाला में पायलट परियोजना के आधार पर सामाजिक सुरक्षा पैंशन बैंकों के माध्यम से वितरित करने पर कार्य किया गया, जिसके आशानुरूप परिणाम मिले हैं। इस बात की भी जानकारी दी गई कि छोटे शहरों में वार्डों की निकटतम शाखाओं के माध्यम से पैंशन वितरित की जाएगी तथा यह कार्य 3 से 4 महीने में पूरा कर लिया जाएगा। इससे लाभानुभोगियों को सरपंचों पर निर्भरता में कमी आएगी तथा वे अपनी स्वेच्छा से राशि निकलवा सकेंगे, क्योंकि पैंशन राशि पहली तारीख को ही उनके बैंक खातों में चली जाएगी। सरपंचों के माध्यम से पैंशन वितरण के समय कई बार ज्यादा भीड़ व अव्यवस्था की शिकायतें मिलती रही हैं।
बैठक में मुख्यमन्त्री ने निर्देश दिये कि जिन गांवों में बैंक शाखाएं नहीं हैं, उन गांवों में पैंशन राशि पहले की तरह ही वितरित की जानी चाहिये ताकि लोगों को असुविधा न हो।
बैठक में वित्त मन्त्री एच एस चट्ठा, मुख्यमन्त्री के प्रधान सचिव एस एस ढिल्लों तथा डॉ० के के खण्डेलवाल, मुख्यमन्त्री के प्रधान ओ एस डी एम एस चोपड़ा, उप प्रधान सचिव आर एस दून, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रधान सचिव पी के दास के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।