चण्डीगढ़, 29 जनवरी - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने आश्वासन दिया है कि वे केन्द्र में भी जाटों के आरक्षण के लिए पूरे प्रयास करेंगे। यह आश्वासन उन्होंने आज अपने नई दिल्ली निवास पर अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमण्डल को दिया, जो जाटों को राज्य में 10 प्रतिशत आरक्षण देने पर उनका धन्यवाद करने आए थे।
यह प्रतिनिधिमण्डल समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री भगत सिंह दलाल के नेतृत्व में नई दिल्ली में मुख्यमंत्री से मिला। प्रतिनिधिमण्डल में आरक्षण समिति के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व कमांडेंट श्री हवा सिंह सांगवान, और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री राम करण हुड्डा भी थे।
इस अवसर पर श्री हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में जाटों को आरक्षण दे कर मैंने अपना फर्ज पूरा किया है। मैंने जो पहले कहा था, मैं आज भी उस पर कायम हूं। जहां तक केन्द्र की बात है, भारत देश बहुत बड़ा है। केन्द्र की नीति पूरे देश के लिए होती है। मैं चाहता हूं कि आपका आशीर्वाद और सहयोग मेरे साथ बना रहे, मेरे प्रयासों में कोई कमी नहीं आयेगी।
जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष श्री हवा सिंह सांगवान ने श्री हुड्डा का धन्यवाद करते हुए कहा कि आपने जो काम किया है, उसे हमारी आगे आने वाली पीढि़यां याद रखेंगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री भगत सिंह दलाल ने कहा कि आपने जो तोहफा दिया है,उससे हर घर में खुशी है और पूरा जाट समाज आपका आभारी है। हम आपके इस एहसान को जिंदगी भर याद रखेंगे और आपके लिए हमसे जो बन सकेगा, करेंगे। केन्द्र में भी आप ही हमारे वकील हैं और हम चाहते हैं कि वहां भी आप हमारे लिए लडे़ं। हमें आप पर पूरा विश्वास है। कुछ अन्य वक्ताओं ने भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि आप हरियाणा के दूसरे छोटू राम हैं।
इस अवसर पर अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय महासचिव श्री श्याम सिंह ठाकरान,प्रदेश कांग्रेस समिति के सदस्य धर्मबीर गोयत, दलजीत पंघाल, महेन्द्र सिंह, ताराचन्द्र जाखड, जयप्रकाश नेहरा, गुलाब सिंह बूरा, जयवीर सिंह खोखा,रामकिशन अहलावत, फूल सिंह, चन्दर सिंह चहल,धर्मपाल हुड्डा,पहलवान ईशवर सिंह तथा बड़ी संख्या में पदाधिकारी औरे कार्यकर्ता भी मौजूद थे।