प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा कि वर्ष 2013 के लिए नागरिक सेवा पुरस्कार, हिमाचल गौरव पुरस्कार तथा प्रेरणा स्रोत सम्मान के लिए नामांकन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी, 2013 तक बढ़ा दी गई है।
उन्होंने कहा कि नागरिक सेवा पुरस्कार के अन्तर्गत व्यक्ति विशेष को 51,000 रुपये नकद पुरस्कार तथा समूह एवं संगठन को 2,50,000 रुपये जो प्रति व्यक्ति 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होगा, प्रशस्ति पत्र एवं हिमाचली शॉल व हिमाचली टोपी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के अन्तर्गत सरकारी कर्मचारी एवं कर्मचारियों के समूह को विशिष्ट कार्यों व सेवा के उच्च मापदण्ड स्थापित करने के लिए नागरिक सेवा पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल गौरव पुरस्कार के अन्तर्गत व्यक्ति विशेष को 21 हजार रुपये तथा समूह को एक लाख रुपये जो प्रति व्यक्ति 20 हजार रुपये से अधिक नहीं होगा, का नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र, हिमाचली शॉल एवं हिमाचली टोपी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल गौरव पुरस्कार वर्ष 1992 में आरम्भ किया गया था तथा हर वर्ग के लोग इस पुरस्कार के लिए पात्र हैं। सैन्य बलों, पुलिस बल एवं मान्यता प्राप्त अग्निशमन सेवा इत्यादि के सदस्य द्वारा कार्य निष्पादन के दौरान अथवा जीवन रक्षा के कार्य व बहादुरी के लिए इस पुरस्कार के लिए पात्र होंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल गौरव पुरस्कार उन व्यक्तियों एवं व्यक्तियों के समूह को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने जीवन रक्षा कार्य, कला एवं अन्य तथा खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है।
प्रवक्ता ने कहा कि प्रेरणा स्रोत सम्मान के अन्तर्गत व्यक्ति विशेष को 51 हजार रुपये तथा समूह/ गैर सरकारी संगठन को दो लाख 50 हजार का नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं हिमाचली शॉल व टोपी से सम्मानित किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उन व्यक्तियों एवं गैर सरकारी संगठनों को दिया जाता है, जिन्होंने समाज सेवा, विज्ञान एवं अभियांत्रिकी, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, व्यापार, पर्यटन,कला, संस्कृति एवं खेलों इत्यादि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि विस्तृत जानकारी वैबसाइट www.himachal.nic.in/gad पर प्राप्त की जा सकती है।