चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने जिला महेन्द्रगढ़ में नारनौल शहर के बायपास के निर्माण के लिए 16.77 करोड़ रुपये की राशि को स्वीकृति प्रदान की है।
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री राव नरेन्द्र सिंह ने नारनौल शहरी की लंबित मांग को पूरा करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि नारनौल शहर के लिए बायपास की मांग लंबे समय से की जा रही थी और लोगों की इस मांग को उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष पुरजोर ढंग से रखा था।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में महेन्द्रगढ़-दादरी सडक़ का 11.20 से 18.20 किलोमीटर तक सात किलोमीटर हिस्सा नारनौल शहर के रिहायशी क्षेत्र से गुजरता है। इस सडक़ से राज्य राजमार्ग संख्या 17 व 26 भी गुजरती है, जिस पर खदान सामग्री ले जाने वाले ओवरलोडेड ट्रक चलते है। सडक़ पर बड़े ट्रकों की आवाजाही से नारनौल शहर में यातायात जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने बताया कि निजामपुर-नारनौल-महेन्द्रगढ़-दादरी सडक़ नोर्थ-साउथ कोरिडोर का हिस्सा भी है, जिसे भारी वाणिज्यिक वाहन चलते है और ऐसी स्थिति में आम जनता को राहत पहुंचाने के लिए इस बायपास का निर्माण करवाना अति आवश्यक हो गया था। अब मुख्यमंत्री हुड्डा द्वारा सात मीटर चौड़े बायपास के निर्माण के लिए 16.77 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
राव नरेन्द्र ने बताया कि लगभग 1500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नोर्थ-साउथ कोरिडोर के तहत बायपास का निर्माण का भी प्रावधान था। सरकार द्वारा इसके लिए भूमि अभिग्रहण कर उसका मुआवजा किसानों को दिया जा चुका है तथा निर्माण एजेंसी को इसका टेंडर हो चुका था। लेकिन निर्माण एजेंसी के ठेकेदार द्वारा निर्धारित समय में बायपास का निर्माण कार्य शुरू न करने के कारण उसकी प्रतिभूति जब्त की जा चुकी है। अब इस बायपास का निर्माण नोर्थ-साउथ कोरिडोर से अलग होगा।