चंडीगढ़, 28 जनवरी- हिसार भर्ती कार्यालय द्वारा 22 फरवरी से 5 मार्च 2013 तक फतेहाबाद में भारतीय थल सेना में खुली भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। इसमें जींद, हिसार, फतेहाबाद तथा सिरसा जिला के युवकों की भर्ती की जाएगी।
हिसार कार्यालय के भर्ती अधिकारी कर्नल रंचन मनोचा ने बताया कि भर्ती पूर्ण रूप से पारदर्शी तरीके से की जाएगी। भारतीय सेना में साहसी, सुयोग्य युवक भर्ती हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी को सामान्य सैनिक डयूटी के गोरखा, सिक्ख बटालियन में जींद,हिसार, फतेहाबाद तथा सिरसा जिला के युवकों की भर्ती की जाएगी तथा 23 फरवरी को सिरसा जिला के भूतपूर्व सैनिकों के आश्रितों तथा खिलाडि़यों की भर्ती की जाएगी। 24 फरवरी को जींद जिला के सामान्य ड्यूटी के लिए सैनिकों के आश्रितों, स्पोर्टमैन की भर्ती की जाएगी तथा 25 फरवरी को फतेहाबाद जिला के सैनिक सामान्य डयूटी की भर्ती की जाएगी। इसी प्रकार 26 फरवरी को हिसार जिला के सैनिकों के आश्रितों की सैनिक सामान्य डयूटी की भर्ती की जाएगी।
भर्ती अधिकारी ने आगे बताया कि 27 फरवरी को फतेहाबाद तथा सिरसा जिला के सैनिक क्लर्क, 28 फरवरी को जींद जिला के सैनिक क्लर्क की भर्ती की जाएगी। एक मार्च को हिसार जिला के जिला के सैनिक क्लर्क की भर्ती की जाएगी तथा 2 मार्च को जींद तथा सिरसा जिला के सैनिक तकनीकी पदों की भर्ती की जाएगी।इसी प्रकार, 2 मार्च को हिसार तथा फतेहाबाद जिला के सैनिक तकनीकी पदों तथा 4 व 5 मार्च को उक्त तिथियों में सफल रहे प्रतिभागियों की चिकित्सा जांच होगी। सैनिक सामान्य ड्यूटी, सैनिक क्लर्क तथा सैनिक तकनीकी मैडिकल में सफल रहे उम्मीदवारों की 28 अप्रैल को सामान्य परीक्षा हिसार के मिलिट्री स्टेशन में ली जाएगी। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से योग्यता एंव दक्षता पर आधारित रहेगी।
कर्नल मनोचा ने बताया कि इस भर्ती में सिर्फ अविवाहित तथा 21 साल से कम उम्र के युवक भाग ले सकते हैं। सिपाही जनरल डयूटी में युवक की उम्र साढे़ 17 वर्ष से 21 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा प्रार्थी की ऊंचाई 170 सेंटीमीटर तथा वजन 50 किलोग्राम होना चाहिए। सैनिक क्लर्क तथा सैनिक तकनीकी के लिए साढे़ 17 से 23 वर्ष के बीच आयु होनी चाहिए। सैनिक तकनीकी के लिए प्रार्थी विज्ञान विषयों के साथ 10+2 पास होना चाहिए।
भर्ती अधिकारी ने बताया कि खेल,एनसीसी का प्रमाण पत्र रखने वाले प्रार्थियों को नियमानुसार बोनस अंक दिए जाएंगे। शारीरिक क्षमता एंव दक्षता का आंकलन करने के लिए 1.6 किलोमीटर की दौड़,खाईकूदना जैसी गतिविधियों में प्रार्थी को कामयाब होना होगा। उन्होंने भर्ती के इच्छुक युवकों को सलाह दी है कि वे असुविधाओं से बचने के लिए अपनी आंखों, नाक, कान इत्यादि का डाक्टरी परीक्षण करवाकर यह सुनिश्चित कर लें कि वह भर्ती के योग्य है।
उन्होंने बताया कि अब की बार लिखित परीक्षा में नैगेटिव मार्किंग होगी। रैली में शामिल होने वाले युवको को सलाह दी गई है कि वे दौड़ इत्यादि की पूरी तैयारी के साथ ही इस प्रक्रिया में शामिल हों। अपनी शैक्षणिक योग्यता दर्शाने वाले मूल प्रमाण पत्र लेकर आएं। भर्ती रैली प्रक्रिया प्रातः 5 बजे शुरू कर दी जाएगी।