डेबिट कार्ड से खरीददारी करते समय अब आपको अपना पिन नंबर भी पंच करना होगा। खरीददारी में जितनी बार कार्ड का इस्तेमाल करेंगे, उतनी ही बार पिन भी पंच करना होगा। यह कदम डेबिट कार्ड से जुड़ी धोखाधड़ी को रोकने के लिए उठाया गया है।
नए नियम के मुताबिक पहले दुकानदार पिन सिस्टम लगे पीओएम टर्मिनल में कार्ड स्वाइप करेगा और फिर सौदे की रकम पंच करेगा। इसके बाद ग्राहक अपना पिन डाल कर खरीददारी पूरी करेगा। इस साल जून में भारतीय रिजर्व बैंक ने डेबिट कार्ड से खरीददारी करते समय पिन की पंचिंग जरूरी करने की डेडलाइन बढ़ा दी थी। आरबीआई ने प्वाइंट ऑफ सेल्स पीओए और मर्चेंट आउटलेट्स पर खरीददारी करते समय अनिवार्य पंचिंग की अवधि 30 नवंबर तक बढ़ाई थी। दरअसल बैंकों ने इसके लिए अनुराध किया था। एचडीएफसी बैंक कार्ड पेमेंट प्रोडक्ट और मर्चेंट एक्वायरिंग सर्विस के प्रमुख पराग राव ने कहा कि नए नियमों को लागू करने के उनका सिस्टम पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने कहा, हमारा बैक-एंड सिस्टम तैयार है। हमारे प्वाइंट ऑफ सेल्स और मर्चेंट आउटलेट पर डेबिट कार्ड की पिन एटीएम पिन पंचिंग होने लगेगी। बैंक ने एसएमएस और मेल के जरिये अपने सभी ग्राहकों को इस परिवर्तन की सूचना दे दी है। जबकि भारतीय स्टेट बैंक ने अपने जागरूकता अभियान के तहत ग्राहकों को अपना एटीएम-डेबिट कार्ड को किसी को न देने की सलाह दी है। साथ ही यह भी कहा है कि ग्राहक अपना पिन नंबर अपने साथ लिख कर न रखें। कैनरा बैंक के एक अफसर के मुताबिक पिन डेबिट कार्ड को अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराता है।