भारतीय ओलंपिक संघ के तत्वावधान में दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में देश को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी देने वाली शाहबाद मारकंडा हॉकी एकेडमी को देश की सर्वश्रेष्ठ हॉकी एकेडमी से नवाजा गया। इस अवसर पर हॉकी के गुरुद्रोण को भी एक लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पाने वाली देश की एकमात्र एकेडमी है जिसे यह सम्मान मिला है। दिल्ली के हैय्यात रेजैंसी में आयोजित कार्यक्रम में देश के काफी संख्या में खेल प्रेमी, ओलंपियन, एशियाड, अनेक अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और हॉकी के चाहने वालों की मौजूदगी में हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद मारकंडा कस्बे की हॉकी एकेडमी को देश की सर्वश्रेष्ठ हॉकी एकेडमी घोषित कर सम्मान दिया गया। हरियाणा हॉकी के प्रधान एम.एल. तायल व महासचिव सुनील मलिक ने बताया कि यह सम्मान पाना हर हरियाणा वासी व हॉकी प्रेमी के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने बताया कि शाहबाद की एकेडमी अब तक कई दर्जन हॉकी खिलाड़ी देश को दे चुकी है। एक दर्जन से भी ज्यादा कप्तान भी शाहबाद ने ही दिए। इन सब खिलाड़ियों को तराशने का कार्य द्रोणाचार्य कोच बलदेव सिंह ने किया। कोच बलदेव सिंह का हरियाणा सदैव ऋणी रहेगा। गौरतलब है कि शाहबाद से संजीव कुमार डांग, संदीप कौर, सुरेंद्र कौर, जसजीत कौर, संदीप सिंह, रितू रानी, रानी रामपाल, नवनीत कौर, मनदीप कौर जैसे 3 दर्जन से भी अधिक खिलाड़ी बलदेव कोच की देन हैं।