यमुनानगर - यमुनानगर निवासी विद्यासागर विनायक ने अपनी लंबी व घनी मूंछों के बलबूते पर प्रदेश भर में अपनी अलग पहचान बनाई है। लोकसभा के चुनावों के मद्देनजर जहां जिला अधिकारी उन्हें लोगों को ज्यादा से ज्यादा मतदान करने के लिए जागरूक करने की भूमिका निभाने का आग्रह कर रहे हैं वहीं अनेक राजनीतिक पार्टियों के नेताओं और उनके समर्थकों ने उन्हें अपनी पार्टी के उम्मीदवार के लिए प्रचार-प्रसार करने हेतु संपर्क भी किया है। नामी-गिरामी डॉक्टर, वकील, नेता और अधिकारी उनके साथ ग्रुप फोटो खिंचवाने के लिए कहते हैं। अनेक समाजसेवी संस्थाओं द्वारा सम्मानित विद्यासागर विनायक द्वारा लगातार बदाम के तेल की मालिश करने और उनका रखरखाव करने के चलते लगभग 5 वर्षों में उनकी मंूछों की लंबाई बढ़कर 4.6 फुट हो गई है। उन्हें मूंछे रखने का शौक कई वर्ष पहले शहर यमुनानगर के थाने में आए एक पुलिस अधिकारी सुकरम पाल को देखकर लगा था।