चंडीगढ़, 14 जनवरी - हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इनेलो सुप्रीमो औम प्रकाश चौटाला, जो उचानाकलां विधानसभा से विधायक हैं, की आलोचना करते हुए कहा कि जब उनकी सरकार थी तो उन्होंने इस क्षेत्र का कोई विकास नहीं किया और न ही अब वर्तमान में विधानसभा के अन्दर यहां से प्रतिनिधित्व करते हुए इस क्षेत्र के लिए कभी कोई आवाज उठाई है।
मुख्यमंत्री श्री हुड्डा ने आज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के साथ जींद के उचाना विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस महासचिव एवं राज्यसभा सांसद बीरेंद्र सिंह द्वारा आयोजित विशाल विकास रैली को संबोधित करते हुए कहा कि उचाना की जनता ने श्री चौटाला को विधानसभा में चुनकर भेजा है परन्तु उनके नेता ने इस क्षेत्र के लोगों की भलाई के लिए कभी भी आवाज नहीं उठाई। श्री हुड्डा ने लोगों से पूछा कि आप लोग ऐसे नेताओं को विधानसभा में क्यों चुनकर भेजते हैं?
उन्होंने कहा कि जींद जिले के विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। बीरेंद्र सिंह ने आज मुझे जो पगड़ी पहनाई है उसकी मैं लाज रखूंगा। हम दोनों मिलकर जींद का विकास चाहते हैं और इसे आगे बढ़ते देखना चाहते है।
मकर संक्राति के अवसर पर जनता को तोहफा देते हुए मुख्यमंत्री श्री हुड्डा ने अलेवा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा बढ़ाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने और नगूरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होेंने उचाना में 50 बिस्तरों के अस्पताल में तेजी लाने की घोषणा की।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री श्री हुड्डा ने आज 4 करोड़ 25 लाख रूपए की लागत से उचाना में बने संयुक्त कार्यालय परिसर, गांव खेड़ी सफा में 25 लाख रूपए की लगात से निर्मित कस्तुरबा गांधी कन्या विद्यालय और उचाना में नर्सिंग कॉलेज का उदघाटन भी किया।
मुख्यमंत्री ने पूर्व इनैलो-भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए जींद जिला के विकास में भेदभाव का आरोप लगाया। सरकारी आंकड़े प्रस्तुत करते हुए श्री हुड्डा ने कहा कि 1999-2005 तक प्रदेश में इनैलो की सरकार रही और अपने छह साल के कार्यकाल में चौटाला ने उचाना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्याे के लिए 113 करोड़ 20 लाख रूपए खर्च किए जबकि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने अब तक इस विधानसभा क्षेत्र में 428 करोड़ 72 लाख रूपए के विभिन्न विकास कार्य करवाए है। इसी प्रकार पूरे जींद जिला में चौटाला के शासनकाल में 539 करोड़ 26 लाख रूपए के विकास करवाए गए, जबकि कांग्रेस सरकार के शासनकाल में जींद जिला के विकास पर अब तक 2468 करोड़ 9 लाख रूपए खर्च किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री श्री हुड्डा ने उपस्थित लोगों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए पूछा कि चौटाला का कोई एक विकास का काम बता दो, जो उन्होेंने उचाना की जनता के लिए करवाया हो। उन्होंने लोगों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि मैने जिला के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। मै थारी बुआ का बेटा हॅ मैने थारी लाज राख्यी है और भाई अब थाम मेरी लाज राख लेना।
श्री हुड्डा ने कहा कि मैं संक्रात के मौके पर आपके लिए तोहफा लेकर आया हू और हरियाणा सरकार ने गन्ना के रेट 45 रूपए प्रति क्विंटल बढ़ाए हैं जो पूरे देश में सर्वाधित बढ़ौतरी है। उन्होंने कहा कि वे इलाके की सेवा करना चाहते हैं और इसे आगे बढ़ते देखना चाहते हैं। खेड़ी सफा में एक बुर्जग द्वारा उन्हें एक जोटा मारने के कथन का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मैं तो जोटा ओर भी मार दूंगा, और तुम्हारे विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेगे, पर इलाका भी कांग्रेस का साथ दें।
मुख्यमंत्री ने पूछा कि तुम हाथ खड़े करके बताओं की तुम कांगे्रस का साथ दोेगे, इस पर भीड़ ने एकजुट होकर दोनों हाथ खडे़ करके कांग्रेस का साथ देने का भरोसा दिलाया। श्री हुड्डा ने कहा कि मैं और बीरेंद्र सिंह भी थारा भला नहीं कर सकते तो थारा भला कोई भी नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि इलाके को विकास के पथ पर और आगे ले जाया जाएगा।
विशाल रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने हरियाणा में हुए विकास की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश में ऐसे बहुत से जिला हैं, जहां लघुसचिवालय तक नहीं है और हरियाणा में प्रदेश स्तर पर ऐसे सचिवालय हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें यहां आकर पता चला है कि हरियाणा में किस तेज गति से विकास हुआ है।
श्री आजाद ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और बीरेंद्र सिंह की तीन पीढि़यां प्रदेश की जनता की सेवा कर रही हैं। उन्होंने हरियाणा के लोगों को देश का अन्नदाता बताते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में तीसरी बार कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को हुड्डा और बीरेंद्र की ऐसी जोड़ी कभी नहीं मिलेगी जो प्रदेश को विकास के मामले में ओर अधिक आगे ले जाएंगे।
कांग्रेस महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य बीरेंद्र सिंह ने कहा कि इलाके व जनता के विकास के लिए व कांग्रेस को मजबूत करते हुए वे मुख्यमंत्री हु्ड्डा के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि चौटाला जैसी अप्रजातांत्रिक और जातिवादी ताकतों को उभरने से रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैने हमेशा ईमानदारी का साथ दिया है और बेईमानी के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। चौटाला जैसी ताकतों को हरियाणा के लिए बेहद खतरनाक बताते हुए उन्होंने कहा कि बदले की भावना से काम करने वाली और जात-पात की राजनीति करने वालों को जनता सिखाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह जिला गलत रास्ते पर ना चले जाएं और यहां का युवा ना भटके इसके लिए कांग्रेस का साथ दें।
बीरेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री हुड्डा का कोई भी दोष नहीं है, जिला जींद की जनता का दोष है कि उन्होंने जिला की पांचों सीटें विपक्षी पार्टीें को जीतवा दी, क्योंकि आज जिला से एक भी कांगे्रस विधायक नहीं है जो यहां की आवाज उठा सकें। उन्होंने जनता को सीधा संवाद करते हुए कहा कि एक बात गांठ बांध लो अगर चौटाला का राज आ गया तो वह किसी ओर का तो पता नहीं परंतु उचाना हलका को नहीं बख्शेगा।
श्री हुड्डा को लोकप्रिय मुख्यमंत्री बताते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पंडित विजय बहुगुणा ने कहा कि हरियाणा में श्री हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस मजबूत है। हुड्डा की मजबूती का नजारा दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की हुई रैली में गुलाबी पगड़ी के रूप में उमड़ी भीड़ से देशभर ने देखा है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों का उत्तराखंड के विकास में भारी योगदान है। उन्होंने प्रदेश के किसानों और व्यापारियों को उत्तराखंड आने का न्यौता भी दिया।
इस रैली में हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ठाकुर कौल सिंह, जीएस बाली, मुख्यमंत्री के मीडिया ओएसडी डा. केवी सिंह, उकलाना के विधायक नरेश सेलवाल, एआईसीसी की सदस्य श्रीमती प्रेमलता, पूर्व विधायक भागसिंह छातर, रामभज, चैयरमेन छोटासिंह चौहान, कुलबीर मलिक, धज्जाराम, जिप अध्यक्षा वीना देशवाल, प्राचार्य ईश्वर श्योकंद, महाबीर डूमरखां, सुरेंद्र एडवोकेट, लाला नरसीराम, बलराम कटवाल सहित अनेक कांग्रेस नेता मौजूद थे।