अंबाला- अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों की एक आवश्यक बैठक हरियाणा कांफैड चेयरमैन व हरियाणा अग्रवाल विकास संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग की अध्यक्षता में हुई। गर्ग ने उपस्थिति प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तरी भारत का 14वां अग्रवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन 30 मार्च को रामलीला मैदान, करनाल में किया जाएगा। जिसमें भारी संख्या में युवक-युवती परिवार सहित भाग लेंगे। लगभग 1500 युवक-युवतियों के फार्म जमा होने की उम्मीद है अब तक 325 फार्म संस्था में जमा हो चुके हैं। फार्म जमा कराने के लिए उत्तरी भारत में 225 सम्पर्क सूत्र बनाए गए हैं और फार्म ई-मेल के माध्यम से भी फार्म जमा कराए जा सकते हैं। प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग ने कहा कि युवक-युवतियों के जो भी फार्म जमा होंगे उनका पूरा परिचय फोटो सहित पत्रिका में प्रकाशित किया जाएगा। 30 मार्च को ही इस पत्रिका का विमोचन भी किया जाएगा ताकि कार्यक्रम होने के बाद भी पत्रिका के माध्यम से युवक-युवतियों का परिवार आपस में संपर्क करके बच्चों का रिश्ता आसानी से कर सकें।