चण्डीगढ़, 26 जनवरी- हरियाणा की शिक्षा मंत्री श्रीमती गीता भुक्कल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सोनीपत में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का ध्वजारोहण किया और स्वतंत्रता सेनानियों, उनके परिजनों तथा युद्ध वीरांगनाओं को सम्मानित किया। इससे पूर्व उन्होंने लघु सचिवालय परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों की शहादत को नमन किया।
गणतंत्र दिवस समारोह को सम्बोधित करते हुए श्रीमती गीता भुक्कल ने अपने सम्बोधन में कहा कि 26 जनवरी का दिन भारत के इतिहास में सर्वाधिक महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, डा० राजेन्द्र प्रसाद, सरदार बल्लभ भाई पटेल, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, डा० भीमराव अम्बेडकर, मौलाना अबुल कलाम आजाद, लाला लाजपत राय जैसे महान स्वतंत्रता संग्राम के नेताओं के नेतृत्व में एक लम्बा संघर्ष करने तथा अनेक कुर्बानियां देने के उपरान्त हमें स्वतंत्र तथा गणतंत्र राष्ट्र के नागरिक होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने सम्बोधन में शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह, राजगुरू, सुखदेव, चन्द्रशेखर आजाद, उद्यम सिंह जैसे महान क्रान्तिकारी वीरों का जिक्र करते हुए उनकी शहादत को नमन किया। हालांकि उन्होंने कहा कि हमें चिन्तन करना चाहिए कि हम संविधान निर्माताओ की आशाओं तथा अपेक्षाओं पर कहां तक खरे उतरे।
उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, श्रीमती इंदिरा गांधी, श्री मोरारजी देशाई, श्री राजीव गांधी जैसे दूरदर्शी नेताओं के नेतृतव में विकास के हर क्षेत्र में बेजोड़ प्रगति की है। वर्तमान में यूपीए अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी के कुशल मार्गदर्शन तथा प्रधानमंत्री डाक्टर मनमोहन सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रगति पथ पर निरंतर अग्रसर है और विश्व की एक खास शक्ति के रूप में हमारा देश उभर रहा है।
श्रीमती गीता भुक्कल ने अपने सम्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के कार्य काल में अभूतपूर्व विकास हुआ है और विकास का यह दौर निरंतर जारी है। वर्ष 2005 से लेकर अब तक सोनीपत जिला में विकास कार्यो पर 3 हजार 546 करोड़ से भी ज्यादा रुपये की धनराशि खर्च की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि देश में औद्योगिक क्रांति एवं विकास के लिए आज युवा एवं उद्योग जगत कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। इसी के दृष्टिगत हरियाणा सरकार ने इस वर्ष 2013 को उद्योग एवं रोजगार वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस वर्ष 20 लाख से अधिक लोगों के लिए रोजगार सृजन करने तथा 2 लाख गरीब परिवारों को घर देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस वर्ष लगभग 2 लाख करोड़ रुपये पूंजी निवेश किया जायेगा।
सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पैंशन एवं भत्तों के रूप में राज्य में 20 लाख 63 हजार से अधिक लोगों को सालाना 1500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा रही है। वर्ष 2013 में सरकार की योजना के अनुसार हर सिर को मिलेगी छत नामक योजना शुरू की है जिसमें प्रदेश के 2 लाख गरीब परिवारों को घर देने का लक्ष्य रखा गया है।
शिक्षा मंत्री श्रीमती गीता भुक्कल ने कहा कि इस वर्ष हरियाणा को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के एजुकेशन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक नया अध्याय लिखा गया है जिसके तहत राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में 10 प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों की आधारशिला रखी गई। स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार द्वारा 4 नए स्वास्थ्य चिकित्सा महाविद्यालय खोले जा रहे हैं। उन्नति की इस निरंतरता में 4 नए थर्मल प्लांट लगाए गए हैं।
श्रीमती भुक्कल ने कहा कि हरियाणा सरकार ने महिलाओं के मान-सम्मान व सुरक्षा के लिए पुलिस हेल्पलाईन 1091 शुरू की है। जिस पर महिला किसी समय पुलिस सहायता ले सकती है। महिलाओं के साथ घटित घटनाओं के आरोपी व्यक्ति को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करके 15 दिनों के अन्दर उसका निपटारा करने के निर्देश राज्य पुलिस को दिए जा चुके हैं। सोनीपत में गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने वाले सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों वाले विद्यालयों और अन्य गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यालयों के लिए एक लाख 51 हजार रूपये दिए जाने की घोषणा की। इसके साथ शहीदी स्मारक के सौन्दर्यकरण के लिए 2 लाख 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। शिक्षा मंत्री ने मार्च पास्ट में प्रथम स्थान प्राप्त श्रीमती शकुन्तला एएसआई के नेतृत्व वाली महिला पुलिस टुकड़ी, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली कुमारी ज्योति राष्ट्रपति अवार्डी गर्ल्स गाईड टुकड़ी तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली सहायक निरीक्षक श्री सुरेन्द सिंह के नेतृत्व वाली होमगार्ड टुकड़ी को सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुरथल अडडा, रेनू विद्या मंदिर बहालगढ़़, आर्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोहाना की टीमों को क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान के लिए पुरस्कृत किया गया। झांकियों के प्रदर्शन में सरकारी चीनी मिल सोनीपत को प्रथम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला विकास प्राधिकरण एवं जिला उद्योग केन्द्र को संयुक्त रूप से द्वितीय तथा कार्यक्रम अधिकारी आई सी डी एस को तृतीय स्थान के लिए सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि शिक्षा मंत्री श्रीमती गीता भुक्कल द्वारा विभिन्न 16 स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों तथा आजादी के उपरान्त विभिन्न युद्धों व आप्रेशनों में शहीद हुए विभिन्न 05 युद्ध शहीदों की धर्मपत्नियों/युद्ध वीरांगनाओं को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियों दर्ज करवाने वाले विभिन्न 102 व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला की विभिन्न 9 ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया गया।