चंडीगढ़, 25 जनवरी- हरियाणा के राज्यपाल श्री जगन्नाथ पहाडिया ने चुनावों में युवाओं, महिलाओं एवं अन्य सभी मतदाताओं को मतदान में अधिक से अधिक भाग लेने पर जोर दिया। इससे चुनावों में किसी भी प्रकार के धन-बल के प्रभाव को रोकने में सहायता मिलेगी।
श्री पहाडि़यां आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर फरीदाबाद में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के मतदाताओं को चाहिए कि वे जाति, धर्म एवं सम्प्रदायों से ऊपर उठकर तथा देश हित को सर्वोपरि समझते हुए मतदान करें ताकि देश में लोकतांत्रित प्रक्रिया और अधिक मजबूत हो सके। इस अवसर पर राज्यपाल ने पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राईटिंग तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए तथा विभिन्न अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया।
हरियाणा के मुख्य सचिव श्री पी के चौधरी ने अपने सम्बोधन में युवा मतदाताओं को अधिक से अधिक पंजीकरण करवाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के आम नागरिकों, युवाओं, महिलाओं को रैलियों, नाटकों, स्कूल व कॉलेजों में पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लिखने, वाद-विवाद प्रतियोगिताओं द्वारा जागरूक करने की जरूरत है। उन्होंने खंड स्तर, जिला स्तर तथा राज्य स्तर पर कार्यक्रम करने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्हें आर्कषक पुरस्कार देने की बात कही।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीकांत वल्गद् ने बताया कि 15 जनवरी 2013 तक प्रकाशित अन्तिम मतदाता सूची में कुल 8,04,759 नये मतदाताओं के नाम शामिल हुए है। इनमें3,63,589 महिलाएं तथा 4,41,170 पुरूष मतदाता शामिल हैं। इसके बाद हरियाणा में कुल1.46 करोड़ मतदाता पंजीकृत हो गए है, जिनमें 66.99 लाख महिला तथा 79.84 पुरूष मतदाता है। उन्होंने बताया कि हाल ही में शामिल हुए नये मतदाताओं में से 7 लाख मतदाता 18 से39 वर्ष आयु वर्ग के है।
श्री वल्गद् ने कहा कि मतदाता पंजीकरण के लिए रेडियो, टेलिविजन, समाचार पत्रों, राज्य परिवहन की बसों तथा सूचना संचार माध्यमों से लोगों को जागरूक किया गया। इसके लिए प्रदेश के नागरिकों को प्रेरित करने के लिए 24 लाख लोगों को एसएमएस से सूचित किया गया है। इसके अतिरिक्त अन्य साधनों से भी मतदाताओं को अपने नाम पंजीकृत करवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।