चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने आज कहा कि 21 फरवरी को शुरू हो रहे हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान पूर्ण बजट पेश किया जायेगा और बजट किसान, मजदूर तथा गरीब हितैषी होगा।
मुख्यमंत्री आज राज्य मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता करने के उपरांत पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
एक प्रश्न के उत्तर में हुड्डा ने स्पष्ट किया कि बजट सत्र में लेखानुदान (वोट आन अकाउंट) पेश नहीं होगा और पूर्ण बजट पेश किया जायेगा।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के चुनावी घोषणा पत्र में किसान हित के मुद्दे रखने के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी 11 फरवरी को सोनीपत जिले के गन्नौर में देश के किसानों से सीधा संवाद करेंगे तथा इसके आयोजन की जिम्मेदारी उन्हें दी गई है।
उन्होंने बताया कि गन्नौर में स्थापित की जा रही अंतर्राष्ट्रीय टर्मिनल मार्केट की आधारशिला भी इसी दिन राहुल गांधी द्वारा रखी जायेगी। हुड्डा ने कहा कि इस सम्मेलन में देशभर के किसान संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे और अब तक 21 राज्यों के कृषक संगठनों की ओर से सहमति मिल चुकी है। इस सम्मेलन में लगभग 400 प्रतिनिधियों के हिस्सा लेने की संभावना है।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में हुड्डा ने एक बार पुन: स्पष्ट किया कि हरियाणा विधानसभा अपना कार्यकाल पूरा करेगी तथा विधानसभा चुनाव निर्धारित समय पर होंगे। उन्होंने लोकसभा चुनावों के साथ विधानसभा चुनाव करवाने को लेकर लगाई जा रही अटकलों को खारिज किया। एक प्रश्न के उत्तर में हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सभी लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चुनने के संबंध में पूछे गये प्रश्न के उत्तर में हुड्डा ने कहा कि इस समय फूलचंद मुलाना पार्टी के अध्यक्ष है और आगे भी कोई कांग्रेसी ही अध्यक्ष होगा। किसी महिला को पार्टी अध्यक्ष बनाये जाने की अटकलों पर हुड्डा ने कहा कि यह कोई भी हो सकता है, सबको पूरा हक है।
हरियाणा में खापों की भूमिका के संबंध में पूछे जाने पर हुड्डा ने कहा कि यह हरियाणा की संस्कृति का हिस्सा है तथा प्रदेश में खापों की भूमिका एक एनजीओ की तरह है।
आम आदमी पार्टी के संबंध में पूछे जाने पर हुड्डा ने कहा कि आम आदमी कांग्रेस पार्टी के साथ है और कुछ खास आदमी आम आदमी पार्टी के साथ है।
समझौता एक्सप्रैस बम धमाके मामले में अंबाला सेंट्रल जेल में बंद स्वामी असीमा नंद के एक पत्रकार द्वारा साक्षात्कार लिये जाने के दावे के संबंध में पूछे जाने पर हुड्डा ने कहा कि जेल में बंद किसी भी कैदी से मुलाकात नियमानुसार अनुमति द्वारा ही संभव है और कोई भी व्यक्ति एक कानूनी प्रक्रिया द्वारा मुलाकात कर सकता है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव एस सी चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ के के खण्डेलवाल, अतिरिक्त प्रधान सचिव शिवरमन गौड, उप प्रधान सचिव आर एस दून, प्रधान ओएसडी एम एस चोपड़ा, अतिरिक्त मीडिया सलाहकार सुनील परती व केवल ढिंगड़ा, उद्योग व वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त प्रधान सचिव युद्धवीर सिंह मलिक भी उपस्थित थे।