चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने आज ग्रेटर नोएडा में ऑटो एक्सपो 2014 में जे.बी.एम. गु्रप के पवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जे.बी.एम. गु्रप के अध्यक्ष एस.के. आर्य और कार्यकारी निदेशक निशांत आर्य, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार शिव भाटिया तथा गुडग़ांव जिला कांग्रेस ग्रामीण के अध्यक्ष जितेन्द्र भारद्वाज भी मौजूद थे।
हुड्डा ने हरियाणा में निवेश करने के लिए जे.बी.एम. गु्रप की सराहना की और कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने गु्रप की नई विकसित नगरीय बस को भी देखा और कहा कि शहरों के अंदर भविष्य में चलाई जाने वाली बसों के लिए यह अच्छा डिजाइन है।
एस.के. आर्य ने मुख्यमंत्री हुड्डा का धन्यवाद किया और कहा कि हरियाणा में राज्य सरकार द्वारा उनकी कम्पनी को सभी आवश्यक सुविधायें उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जे.बी.एम. गु्रप 1.2 अरब डालर के कारोबार वाला गु्रप है, जो ऑटोमोटिव, इंजीनियरी और जिडाइन सेवाओं में एक अग्रणी संगठन है। इसके दुनिया भर के 18 शहरों में 35 निर्माण संयंत्र और 4 इंजीनियरी डिजाइन केन्द्र हैं।
इस गु्रप द्वारा विकसित आरामदायक सिटी बस दर्शकों के लिए 6 फरवरी से प्रस्तुत की जाएगी।