चंडीगढ़, ब्यूरो। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आदेशों का असर पर हरियाणा कांग्रेस पर भी दिखाई देने लगा है। राहुल गांधी ने हालही में पार्टी के नेताओं को अपने-अपने दफ्तरों व घरों को छोडक़र ज्यादा से ज्यादा समय आम लोगों के बीच में रहने तथा मीडिया को समय-समय पर पार्टी की नीतियों एवं गतिविधियों की जानकारी देने के निर्देश जारी किए थे।
जिसके चलते हरियाणा कांग्रेस हरकत में आ गई है। प्रदेश कांग्रेस द्वारा हालही में बनाए गए नए कार्यालय में जहां बकायदा हाईटैक मीडिया सैंटर का निर्माण किया गया था, वहीं अब पार्टी प्रवक्ताओं को मीडिया के साथ बातचीत करने तथा पार्टी की दैनिक गतिविधियों की जानकारी मीडिया को दिए जाने के निर्देश दिए हैं। पार्टी द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार अब प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के मीडिया महासचिव रण सिंह मान प्रत्येक कार्य दिवस पर बाद दोपहर 3 से चार बजे तक उपस्थित रहेंगे। मान मीडिया को पार्टी की दैनिक गतिविधियों के बारे में अवगत कराएंगे। इसके अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की तर्ज पर अब हरियाणा कांग्रेस मुख्यालय में भी पार्टी की तरफ से मीडिया ब्रीफिंग के लिए रोजाना पार्टी का कोई न कोई प्रवक्ता उपलब्ध रहेगा। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष फूलचंद मुलाना ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों तथा जिला स्तर के प्रवक्ताओं को भी पार्टी मुख्यालय ने यह निर्देश जारी किए हैं कि वह सरकार की उपलब्धियों की स्थानीय राजनीति की रोशनी में जानकारी देने की व्यवस्था निरंतर बनाए रखें। जिला अध्यक्षों को यह भी कहा कि उन्हें इस विषय में कोई सूचना या जानकारी लेनी हो तो वह प्रदेश प्रवक्ता रण सिंह मान से बातचीत कर सकते हैं।