चण्डीगढ़, 25 जनवरी - हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री श्री महेन्द्र प्रताप सिंह ने आज कहा कि सरकार ने लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत डिपू धारकों को गेहूं पर दिये जाने वाली मार्जन राशि को 18 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 48 रुपये प्रति क्विंटल करने का निर्णय लिया है।
आज यहां जारी एक वक्तव्य में श्री सिंह ने बताया कि सरकार ने यह निर्णय डिपू धारकों की वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए लिया है। उन्होंने बताया डिपू धारकों के मार्जन राशि 15 वर्ष पूर्व निर्धारित की गई थी तथा एक डिपू धारक को मासिक 2073 रुपये ही मिलते थे, जो काफी कम थे। उन्होंने कहा कि मार्जन राशि बढ़ाने से डिपू धारकों की अपने काम के प्रति निष्ठा बढ़ेगी और सार्वजनिक वितरण प्रणाली में ईमानदारी से काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि डिपू धारकों की मार्जन राशि बढ़ाने का मुद्दा वे स्वयं हरियाणा विधानसभा में बार-बार उठा सके थे। सरकार ने इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया था।
उन्होंने कहा कि डिपू धारकों की मार्जन राशि बढ़ाने के संबंध में भारत के सर्वोच्च न्यायालय तथा केन्द्र सरकार ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि चीनी, मिट्टी का तेल व अन्य वस्तुओं के संबंध में मार्जन राशि बढ़ाए जाने का मामला अभी विचाराधीन है।