चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने जाट समाज का आह्वान किया है कि जाट समाज अपने बच्चों को शिक्षित करे और गलत रास्तों से बचाये।
नई दिल्ली में अन्तर्राष्ट्रीय जाट बौद्धिक सम्मेलन के समापन अधिवेशन को सम्बोधित करते हुए हुड्डा ने कहा कि जाट समाज में बौद्धिकता की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें अवसर कम मिले हैं।
सम्मेलन के विषय समाज में शिक्षा और सद्भाव को प्रोत्साहन को महत्वपूर्ण बताते हुए हुड्डा ने कहा कि आज दुनिया की दौड़ में जो समाज, प्रदेश और देश शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी होगा, वही आगे जायेगा। उन्होंने कहा कि पहले के मुकाबले आज शिक्षा संस्था खोलना आसान है। एक समय था, जब एक-एक आना इकट्ठा करके शिक्षा संस्था के लिए चन्दा जमा किया जाता था। हमारे बुजुर्गा ने समाज को आगे बढ़ाने के लिए बच्चों की शिक्षा पर जोर दिया। 1910 में भी हुई जाट समाज की पंचायत में बच्चों की शिक्षा के लिए स्कूल खोलने का फैसला किया गया। इसके बाद जाट एंग्लो-संस्कृत हाई स्कूल की स्थापना हुई। मेरे दादा चौधरी मातू राम इसके संस्थापकों में से एक थे। बाद में मेरे पिता चौधरी रणबीर सिंह स्कूलों को गांवों तक ले गये।
हुड्डा ने कहा अब मुझे समाज की सेवा का अवसर मिला है। मेरी कोशिश है कि हरियाणा शिक्षा का हब बने। मेरी सरकार शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए जहां एक ओर बुनियादी सुविधायें उपलब्ध करा रही है, वहीं दूसरी ओर शिक्षा की गुणवत्ता पर भी जोर दिया जा रहा है। प्रदेश में नये-नये शिक्षा संस्थान और विश्वविद्यालय खुल रहे हैं। खानपुर के गुरूकुल को महिला विश्वविद्यालय बना दिया गया है और आजादी के बाद उत्तर भारत में सरकारी क्षेत्र में पहला महिला मेडिकल कॉलेज भी खोला गया है। मुरथल के छोटू राम इंजीनियरिंग कॉलेज को विश्वविद्यालय बना दिया गया है। प्रदेश में रक्षा विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है। जिला महेन्द्रगढ़ में केन्द्रीय विश्वविद्यालय खोला गया है। दो नये मेडिकल कॉलेज खोले जा चुके हैं तथा दो अन्य की स्थापना की जा रही है। राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में प्रतिष्ठित संस्थान खोले जा रहे हैं। इन में हरियाणा के छात्रों के लिये 25 प्रतिशत का आरक्षण रखा गया है। हुड्डा ने कहा कि मुझे विश्वास है कि अगले 5-7 वर्षों में हरियाणा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा का केन्द्र बन जायेगा।
हुड्डा ने कहा कि जाट समाज में बड़ी-बड़ी हस्तियां हो चुकी हैं। सर छोटू राम, चौधरी चरण सिंह, संविधान सभा के सदस्य रहे चौधरी रणबीर सिंह, डा0 सरूप सिंह और न जाने कितने महान व्यक्ति हमारे समाज ने देश को दिये हैं। हमारे समाज के लोग न्याय प्रिय और देश भक्त हैं तथा अन्य समाजों को साथ लेकर चलते हैं। मुझे गर्व है कि मेरा जन्म जाट समाज में हुआ है।
हुड्डा ने इस अवसर पर महर्षि दयानन्द विश्वविद्यालय के कुलपति एच.एस. चहल के पिता चौधरी हरनन्द राय के जीवन पर लिखी एक पुस्तक का भी विमोचन किया। हुड्डा ने जाट महासभा के लिए 5 लाख रूपये की राशि देने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर संयोजक प्रो0 जे.के. गहलावत, प्रो0 दलेल सिंह, संजय राठी, बी.एस.मान, इन्द्रजीत आर्य, भीष्म सिंह विश्वारवा, कर्नल मेहर सिंह दहिया, मोहम्मद युनुस चौधरी, राज सिंह गहलावत और कई अन्य जाने-माने लोग मौजूद थे।