मोहाली। पंजाब सहित अन्य राज्यों के पीड़ित परिवारों को इंसाफ दिलाने और विदेश भेजने के नाम पर लोगों के साथ हो रही कथित धोखाधड़ी के खिलाफ आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से हरि सिंह नलवा गुरु हरसहाय संस्था की ओर से मोहाली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान संस्था के जत्थेदार जतिंदर सिंह ने ऐलान किया कि इमिग्रेशन के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एजेंटों के खिलाफ जल्द ही पक्का मोर्चा लगाया जाएगा।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए जत्थेदार जतिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब में कुछ इमिग्रेशन एजेंट विदेश भेजने का झांसा देकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों से लाखों रुपये की कथित ठगी कर रहे हैं। कई परिवार अपनी जिंदगी भर की जमा पूंजी गंवा चुके हैं और इंसाफ के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि संस्था ऐसे पीड़ित परिवारों की आवाज बनकर उन्हें इंसाफ दिलाने और ठगी गई रकम वापस करवाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। जब तक पीड़ित परिवारों को इंसाफ नहीं मिलता, तब तक संस्था का संघर्ष जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर पुलिस प्रशासन और अदालतों का सहारा भी लिया जाएगा।