चण्डीगढ़ - हरियाणा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री गीता भुक्कल ने कहा कि पिछले साढे आठ वर्षों के दौरान वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना के अन्तर्गत 3.37 लाख से अधिक लाभपात्रों को शामिल किया गया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनवरी, 2014 के लिए 13.32 लाख से अधिक पात्र व्यक्तियों को 1000 रुपये प्रतिमास कीबढ़ी हुई वृद्धावस्था पेंशन देने पर 133.24 करेड़ रुपये की राशि खर्च करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी लाभानुभोगी 1000 रुपये प्रतिमास का वृद्धावस्था सम्मान भत्ता प्राप्त कर रहे हैं, जबकि वर्तमान राज्य सरकार के सत्ता में आने से पूर्व फरवरी, 2005 में यह भत्ता मात्र 300 रुपये प्रतिमास था। हाल ही में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा पेंशन बढोतरी की घोषणा की गई और इसे क्रियान्वित किया गया है।
श्रीमती भुक्कल ने कहा कि इसी प्रकार सरकार द्वारा निशक्त व्यक्तियों और विधवाओं की पेंशन भी 300 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये प्रतिमास की गई। लाभपात्रों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 5.70 लाख से अधिक विधवाएं 1000 रुपये की मासिक पेंशन प्राप्त कर रही हैं, जबकि फरवरी 2005 में 3.50 लाख लाभपात्रों को इसमें शामिल किया गया था। निशक्त लाभपात्रों की संख्या भी 81,242 से बढक़र 1.35 लाख से अधिक हो गई है और उन्हें फरवरी, 2005 में300 रुपये प्रतिमास की पेंशन मिल रही थे, इसके विरूद्ध अब 1000 रुपये प्रतिमास की पेंशन मिल रही है।
मंत्री ने कहा कि हरियाणा ऐसा पहला राज्य है जिसने सामाजिक सुरक्षा योजना के अन्तर्गत किन्नरों और बौनों को कवर किया है। वे 500 रुपये की मासिक पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। अनाथों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता भी बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिमास कर दी गई है। इसके अलावा, राज्य परिवहन की बसों मेें 60 वर्ष की महिलाओं या इससे अधिक आयु की महिलाओं को बस किराए में 50 प्रतिशत की छूट भी दी गई है। निशक्त कर्मचारियों का मासिक सुविधा भत्ता भी 250 रुपये से बढ़ाकर अधिकतम 2000 रुपये किया है। उनकी सेवानिवृति की आयु भी 58 वर्ष से बढ़ाकर 60 वर्ष की गई है।
श्रीमती भुक्कल ने कहा कि 70 से 99 प्रतिशत तक अक्षमता वाले व्यक्तियों को 1000 रुपये तक का मासिक बेरोजगारी भत्ता दिया जा रहा है और शतप्रतिशत अक्षमता वाले व्यक्तियों को 2000 रुपये तक का बेरोजगारी भत्ता दिया जा रहा है। उन्होंने कहा के निशक्त विद्यार्थियों को 400 रुपये से लेकर 1500 रुपये प्रतिमास के रेंज में छात्रवृत्तियां भी दी जा रही हैं।