चंडीगढ़ - हरियाणा सरकार द्वारा समेकित बाल विकास सेवा योजना के अंतर्गत 1 जनवरी, 2014 से सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बढ़ा हुआ मानदेय दिया जायेगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 2500 रुपये प्रतिमाह, लघु आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 750 रुपये प्रतिमाह तथा आंगनवाड़ी सहायकों के मानदेय में 1000 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि की गई है।
राज्य सरकार द्वारा मानदेय में वृद्धि के उपरांत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का अधिकतम मानदेय 7563 रुपये प्रतिमाह हो जायेगा। इसमें गैर मैट्रिक कार्यकर्ताओं को 7438 रुपये प्रतिमाह, पांच वर्ष का अनुभव रखने वाले गैर मैट्रिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 7469 रुपये प्रतिमाह, दस वर्ष का अनुभव रखने वाले गैर मैट्रिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 7500 रुपये प्रतिमाह की दर से मानदेय दिया जायेगा।
इस प्रकार, मैट्रिक पास आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 7500 रुपये प्रतिमाह, मैट्रिक व पांच वर्ष का अनुभव रखने वाले आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 7531 रुपये प्रतिमाह, मैट्रिक व दस वर्ष का अनुभव रखने वाले आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 7563 रुपये प्रतिमाह की दर से मानदेय दिया जायेगा। इसके अलावा, लघु आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 4000 रुपये प्रतिमाह तथा आंगनवाड़ी सहायकों को 3500 रुपये प्रतिमाह मिलेगा।