चंडीगढ़ - भारत सरकार द्वारा सामाजिक क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं से वर्ष 2013 के लिए स्त्री शक्ति पुरस्कार के लिए आगामी 8 जनवरी 2014 तक आवेदन मांगे गए है।
एक सरकारी प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि व्यक्तिगत तौर पर स्वयं सहायता समूह के संवर्धन, कड़े शारीरिक श्रम को करने के लिए औद्योगिक विकास करने के साथ-साथ कृषि और ग्रामीण उद्यमों में कार्यरत महिलाओं का जिन्होंने समर्थन किया है और सामुदायिक और राजनैतिक प्रतिभागिता के लिए महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया हो या स्वास्थ्य कार्यक्रम, जिसमें चिकित्सा की देसी पद्धतियों का प्रचार भी शामिल है, कला प्रचार माध्यमों के जरिए समुदाय आधारित कार्यक्रमों, महिला मुद्दों इत्यादि पर जागृति तथा चेतना पैदा की है। ऐसी पांच महिलाओं को व्यक्तिगत तौर पर पुरस्कार दिए जाएगें। इतना ही नहीं, इनमें से एक पुरस्कार उस महिला को दिया जाएगा, जिसने कठिन परिस्थितियों में व्यक्तिगत पहचान बनाई हो।
प्रवक्ता ने आगे बताया भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग की वेबसाईट पर भी अधिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। स्त्री शक्ति पुरस्कार अहिल्या देवी बाई होलकर कणगी, माता जीजा बाई, रानी गेदिल्यू तथा रानी लक्ष्मी बाई के नाम पर रखे गए हैं,प्रत्येक जिला में स्त्री शक्ति पुरस्कार के लिए आवेदन 8 जनवरी 2014 तक निदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग हरियाणा को संबंधित उपायुक्त की सिफारिशों सहित नामांकन भिजवाए जाने हैं। इसके बाद ये नाम 10 जनवरी 2014 तक भारत सरकार को भिजवाए जाएंगे।