चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने लोकपाल बिल के लोकसभा में पास होने पर यूपीए अध्यक्षा सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी को बधाई दी है तथा यह भ्रष्टाचार पर अकुंश लगाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री, आज यहां हरियाणा मंत्रिमण्डल की बैठक की अध्यक्षता करने उपरान्त एक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे, ने कहा कि आज का दिन लोकतंत्र के लिए एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि लोकपाल बिल संसद में पास हो गया है। उन्होंने विपक्षी पार्टियों के उन सदस्यों को भी बधाई दी, जिन्होंने लोकपाल बिल को पास करवाने में सत्ता पक्ष का सहयोग दिया।
हरियाणा सरकार द्वारा राज्य में लोकपाल बिल लागू किये जाने के संबंध में पूछे जाने पर हुड्डा ने कहा कि राज्य में पहले से ही लोकायुक्त कार्यरत है।
कांग्रेस पार्टी द्वारा राहुल गांधी को आगामी लोकसभा चुनावों में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में प्रस्तुत करने के संबंध में टिप्पणी मांगे जाने पर हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री पद के लिए योग्य उम्मीदवार है तथा देश का युवा उनकी तरफ देख रहा है।
आम आदमी पार्टी के सम्बन्ध में पूछे जाने पर हुड्डा ने कहा कि पार्टियां बनती रहती हैं। हरियाणा के अगले मुख्य सचिव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वर्तमान मुख्य सचिव पी.के.चौधरी 22 दिसम्बर से अवकाश पर जा रहें हैं और उनकी सेवानिवृति तिथि 31 दिसम्बर है। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं आपदा प्रबन्धन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव कृष्ण मोहन सबसे वरिष्ठतम अधिकारी हैं। इस अवधि में वे मुख्य सचिव का कार्यभार देखेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एस एस ढिल्लो व डॉ के के खण्डेलवाल, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव आर एस दून, मुख्यमंत्री के प्रधान ओएसडी एम एस चोपड़ा, राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव कृष्ण मोहन सूचना, जनसम्पर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के महानिदेशक सुधीर राजपाल, अतिरिक्त मीडिया सलाहकार सुनील परती, ओएसडी मीडिया डॉ० के.वी.सिंह, मीडिया समन्वयक प्रमोद वशिष्ठ भी उपस्थित थे।