चंडीगढ़ - हरियाणा मंत्रिमंडल की आज मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में हुई बैठक में खेल कोटे के तहत राज्य के पांच उत्कृष्ट खिलाडि़यों को पुलिस उप अधीक्षक (डीएसपी) तथा तीन पैरालंपिक खिलाडि़यों को सहायक प्रशिक्षक के पद पर नियुक्ति प्रदान करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
पुलिस उप अधीक्षक पद पर नियुक्ति पाने वाले खिलाडि़यों में मुक्केबाज विकास कृष्ण तथा परमजीत समोटा, डिस्कस थ्रोअर श्रीमती कृष्णा पुनिया, पहलवान रविन्द्र सिंह सांगवान और टेनिस खिलाड़ी सनम कृष्ण सिंह शामिल हैं। इन उत्कृष्ट खिलाडि़यों को पुलिस महानिदेशक तथा खेल विभाग द्वारा मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में गठित समिति की सिफारिशों के आधार पर नियुक्ति प्रदान की गई है। इन खिलाडि़यों ने वर्ष 2010 में एशियन तथा राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीते थे।
सहायक प्रशिक्षक के पद पर नियुक्ति पाने वाले पैरालंपिक खिलाडि़यों में अमित कुमार सरोहा तथा दीपा मलिक शामिल हैं। अमित कुमार सरोहा ने वर्ष 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लिया तथा दिसम्बर, 2010 में चीन में हुई पैरा-एशियन खेलों में रजत पदक जीता था। दीपा मलिक ने वर्ष 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लिया तथा दिसम्बर, 2010 में चीन में हुई पैरा-एशियन खेलों में भी कांस्य पदक जीता था। तैराक प्रशांत करमाकर को भी नौकरी दी गई है।