चंडीगढ़ - हरियाणा के परिवहन मंत्री आफताब अहमद ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने के लिए मंत्री समूह और कर्मचारी नेताओं की एक संयुक्त समिति बनाई जाएगी, जोकि आगामी तीन महीने में कर्मचारियों की मांगों का समाधान करेगी। इसके बाद कर्मचारी यूनियन ने रोडवेज की जारी हड़ताल को तुरन्त प्रभाव से वापिस लेने की घोषणा कर दी।
आज चंडीगढ में परिवहन मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कर्मचारी प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि बनाई जाने वाली समिति में तीन मंत्री तथा कर्मचारी प्रतिनिधि भाग लेंगे। कर्मचारी यूनियन के प्रधान दलबीर सिंह सहित बैठक में शामिल सभी प्रतिनिधियों ने बैठक को सकारात्मक बताया और हड़ताल वापिस लेने की घोषणा कर दी।
बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान ओएसडी एम.एस.चौपड़ा, परिवहन विभाग के प्रधान सचिव आर आर जोवल, महानिदेशक अभय सिंह यादव सहित सर्वकर्मचारी संघ के दलबीर सिंह किरमरा, अनुप सिंह सहरावत, बलराज देशवाल, सरबत पूनिया, हरिनारायण शर्मा, दलबीर नेहरा तथा आजाद सिंह ने भाग लिया।