चंडीगढ़ - हरियाणा के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की प्रधान सचिव धीरा खण्डेलवाल ने नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आज से शुरू हुए भारत अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में हरियाणा मंडप का अवलोकन किया। श्रीमती खण्डेलवाल ने मंडप में प्रदर्शित हरियाणा सरकार के विभागों, निगमों व बोर्डों की विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों की प्रस्तुतियों को देखा। उन्होंने घरेलू उपयोग से सम्बंधित उत्पादों के स्टालों में विशेष रूचि दिखाई। श्रीमती खण्डेलवाल ने विभिन्न स्टालों पर मौजूद कर्मचारियों से भी प्रदर्शित सामानों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
बाद में, हरियाणा मंडप की आगंतुक पुस्तिका में श्रीमती खण्डेलवाल ने लिखा - मैंने आज हरियाणा मंडप को देखा। इसे बहुत अच्छी तरह से तैयार किया गया है, जिससे हरियाणा के विकास की तस्वीर उभर कर सामने आई है।