चण्डीगढ़ - हरियाणा की शिक्षा मंत्री श्रीमती गीता भुक्कल ने कहा कि राज्य सरकार हरियाणा शक्ति रैली में सभी वर्गों के लिए की गई कल्याणकारी घोषणाओं को समय पर क्रियान्वित करना सुनिश्चित करेगी, ताकि लाभार्थियों को इसका जल्द से जल्द लाभ मिल सके।
श्रीमती भुक्कल आज यहां जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रथम दीक्षांत समारोह और साक्षर भारत के इंटर पर्सनल मीडिया कैंपेन को संबोधित करने उपरांत पत्रकारों से बात-चीत कर रही थी।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का आभार जताते हुए कहा कि इस विशाल रैली में मुख्यमंत्री ने सभी वर्गों विशेषकर वृद्धों, विधवाओं और निःशक्तजनों, आंगनबाडी वर्कर, हैल्पर सहित महिलाओं एवं छात्राओं को विशेष लाभ देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा शक्ति रैली में लोगों की भीड़ इस बात का प्रमाण है कि पूरे प्रदेश में एक समान विकास कार्य हुए हैं और कोई भी वर्ग विकास के मामले में अछूता नहीं रहा।
विपक्ष द्वारा इन घोषणाओं से प्रदेश पर आर्थिक बोझ पड़ने व सरकारी खजाना लुटाने संबंधी पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में श्रीमती भुक्कल ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने रैली में ही कहा है कि वे लोगों के हितों के लिए खजाना लुटा रहे हैं, लूट तो नहीं रहे। उन्होंने विपक्ष के रवैये पर खेद जताते हुए कहा कि हर वर्ग के लिए की गई कल्याणकारी घोषणाओं से भी विपक्ष को तकलीफ होती है।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्रीमती भुक्कल ने कहा कि केन्द्रीय शिक्षा सलाहकार बोर्ड की उप समिति ने विभिन्न राज्यों का दौरा कर सतत मुल्यांकन प्रणाली के संबंध में अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है और अति शीघ्र ही इसे बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य में किसान मॉडल स्कूल खोले जा रहे हैं। इसके लिए सभी जिलों में जगह चयनित कर ली है और जल्द ही इन विद्यालयों का निर्माण कार्य शुरू कर विद्यालय स्थापित किए जाएंगे।