चंडीगढ़ - हरियाणा बाल कल्याण परिषद् की उपाध्यक्ष आशा हुड्डा ने कहा कि आज समय की मांग है कि युवाओं को अच्छी शिक्षा प्रदान करके संस्कारवान बनाया जाए ताकि युवा शक्ति एक नए युग का सूत्रपात कर सके।
श्रीमती हुड्डा आज झज्जर के गांव खातीवास में आल इंडिया एक्स सर्विसमैन वैलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रही थी। उन्होंने गांव में एसोसिएशन की ओर से शुरू किए गए टेलरिंग सेंटर का भी शुभारंभ किया।
आयोजित कार्यक्रम में श्रीमती हुड्डा ने एसोसिएशन की ओर से इस प्रकार के आयोजन पर एसोसिएशन पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि जिस प्रकार भारतीय सेना में रहते हुए सैनिक देश की सीमाओं पर सजग प्रहरी के रूप में खड़े हैं ठीक उसी प्रकार पूर्व सैनिकों के हितार्थ अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए एसोसिएशन की यह सार्थक पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि देश के पूर्व सैनिकों व स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा किए गए संघर्ष के फलस्वरूप आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। ऐसी महान शख्सियत सदैव देश की अमूल्य धरोहर रहेंगी।
उन्होंने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आने वाला समय युवाओं का है और उन्हें खुशी है कि जितनी ताकत युवाओं के रूप में भारत के पास है वह निश्चित तौर पर देश को प्रगति की ओर ले जाने में सक्षम रहेगी। उन्होंने अभिभावकों व शिक्षकों से आग्रह किया कि बच्चे कच्ची मिट्टी के सामान होते हैं और उनके जोश, होश व सोच को हमें तराशने की आवश्यकता है। बच्चों को जिस प्रकार के संस्कार दिए जांएगें व उन्हें शिक्षित किया जाएगा उतने ही वे समाज के प्रबुद्ध नागरिक के रूप में अपने कर्त्तव्यों का पालन करेंगे। उन्होंने बच्चों के बेहतर ढंग से पालन पोषण करने पर जोर दिया और कहा कि वे विश्वास दिलाती हैं कि यदि किसी बच्चे की अच्छे तरीके से परवरिश मिलगी तो वह नौजवान देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका अदा करते हुए समाज को गौरवांवित अवश्य करेगा। उन्होंने बच्चों को अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए आगे आने का आह्वान किया चूंकि आज का दौर प्रतियोगिताओं का है और इस दौर में अच्छी गुणात्मक शिक्षा के साथ सर्वांगीण विकास के बलबूते ही आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि महज शिक्षित करना ही वे अपना दायित्व न समझें बल्कि बच्चों में गुणवत्तापरक शिक्षा का समावेश करते हुए उनका सर्वांगीण विकास करना सुनिश्चित करें।
समारोह में आल इंडिया एक्स सर्विसमैन वैलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन ले.कर्नल इंद्रजीत सिंह ने बताया कि उनकी एसोसिएशन की ओर से देशभर में 10 टेलरिंग सेंटर खोले जाने प्रस्तावित हैं जिनमें से 3 सेंटर दिल्ली, आंध्रप्रदेश व महाराष्ट्र में तथा अन्य शेष सेंटर हरियाणा प्रदेश में खोले जाएंगे। उन्होंने खुशी जताई कि राज्य सरकार के प्रयास से झज्जर जिले के गांव खातीवास में एसोसिएशन की ओर से पहला टेलरिंग सेंटर खोला गया है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन का प्रयास है कि पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों के लिए वे कारगर कदम उठाएं और सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ हर एक पूर्व सैनिक व उसके परिवार वालों को मिले। इससे पूर्व उन्होंने गांव के शहीद जितेंद्र सिंह की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। साथ ही देश पर शहादत देने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए सभा में दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उन्होंने वीर शहीदों की वीरांगनाओं व वीर सैनिकों को सम्मानित भी किया।
गांव खेड़ी खुम्मार में हरियाणा बाल कल्याण परिषद् की उपाध्यक्ष आशा हुड्डा ने गांव के राजकीय उच्च विद्यालय प्रांगण में सर्व शिक्षा अभियान के तहत करीब 12 लाख रूपए की लागत से बने कमरों का भी शुभारंभ किया। उन्होंने स्कूली बच्चों को बताया कि बच्चों को अध्ययन व शिक्षकों को अध्यापन कार्य में किसी प्रकार से भी व्यावधान न हो इसके लिए स्कूलों मं बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा मुहैया कराने तक सरकार की ओर से बच्चों को अनेक योजनाओं के माध्यम से लाभांवित भी किया जा रहा है।
इस दौरान गांव खेड़ी खुम्मार में महिला चौपाल को भी गांव की महिलाओं के सुपुर्द किया। उन्होंने महिला चौपाल के उद्घाटन अवसर पर मौजूद महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाओं में आपसी भाईचारा बनाए रखने, विचारों के आदान प्रदान व विकासात्मक योजनाओं में महिलाओं की सक्रिय भूमिका निभाने के लिए यह चौपाल एक माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं में स्वावलंबन की भावना पैदा करने के लिए सरकार की ओर से महिला चौपालों का गठन किया गया है।