भाई दूज के पावन अवसर पर 5 नवम्बर, 2013 को राज्य पथ परिवहन निगम की साधारण बसों में सभी महिलाओं को प्रदेश के भीतर निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। परिवहन तथा नागरिक एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री जी.एस. बाली ने हिमाचल पथ परिवहन निगम को इस बारे में निर्देश दिए हैं। उन्होंने निगम के प्रबन्ध निदेशक को इस आदेश की अनुपालना सुनिश्चित बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। भाई दूज के अवसर पर निःशुल्क यात्रा की सुविधा सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक मान्य रहेगी। बाली ने भाई दूज के पवित्र अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए उनकी सुख समृद्धि की कामना की है।