चंडीगढ़ - अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेशाध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने प्रदेश सरकार में सावित्री जिन्दल को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने का स्वागत करते हुए इसे वैश्य समाज के दबाव में उठाया गया कदम बताया है। आज यहां जारी एक ब्यान में अशोक बुवानीवाला ने कहा कि पिछले सवा साल से हरियाणा में वैश्य समाज का एक भी मंत्री नहीं था और अग्रवाल वैश्य समाज ने इस बात को प्रमुखता से हर मंच पर उठाया था। उन्होंने कहा कि इस मामले में अग्रवाल वैश्य समाज ने हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी से भी मुलाकात की थी और उनसे मांग की थी कि हरियाणा मंत्रीमंडल में वैश्य समाज को उचित स्थान दिया जाए। अशोक बुवानीवाला ने कहा कि प्रदेश सरकार में अब वैश्य समाज की आवाज को बल मिलेगा। उल्लेखनीय है कि 2 अक्तूबर को करनाल में आयोजित संग्राम महासम्मेलन में भी इस बात को प्रमुखता से उठाया गया था और बड़ी संख्या में उपस्थित वैश्य समाज ने समाज की इस अनदेखी की निंदा की थी।