चंडीगढ़ निवासी भवन निर्माण की नई तकनीक से परिचित होंगे
पहली बार होगा पीएचडीसीसीआई यंग आर्किटेक्ट फोरम का गठन
चंडीगढ़। निर्माण क्षेत्र में नवीनतम तकनीक और नवाचारों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के प्रयास में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा 25 सितंबर से 28 सितंबर तक चंडीगढ़ के सेक्टर 17 स्थित परेड ग्राउंड में 12वीं चार दिवसीय ‘इन्स एंड आउट प्रदर्शनी’ का आयोजन किया जा रहा है।
पीएचडीसीसीआई चंडीगढ़ के चेयर रजनीश बंसल तथा को-चेयर सुव्रत खन्ना ने आज यहां जारी एक जानकारी में बताया कि 25 सितंबर को इन्स-आउट कांफ्रेंस में “पैरामीट्रिक आर्किटेक्चर” विषय पर सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। 26 सितंबर को बाद दोपहर चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी इस प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के डिप्टी सेक्टरी जनरल नवीन सेठ, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की इस समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। 26 सितंबर को दिनभर आर्किटेक्चर क्षेत्र से संबंधित विशेष सेमिनार के अलावा शाम के समय पांचवें आर्किटेक्चर एक्सीलेंस रिकोग्रीशन अवार्ड का आयोजन किया जाएगा। जिसमें राज्य सभा सांसद सतनाम सिंह संधू द्वारा उत्तर भारत से यहां पहुंचे भवन निर्माण, आर्किटेक्चर क्षेत्र से जुड़े लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध आर्किटेक्ट हबीब खान विशेष रूप से भाग लेंगे। पीएचडीसीसीआई के अनुसार इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट, क्लब एनपीसी इंडिया, इंडस्ट्रियल बिजनेस ऑनर्स एसोसिएशन (आईबीओए), इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन इंटीरियर डिजाइनर, एशरे, क्रिडाई तथा इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल के सहयोग से होने वाली चार दिवसीय प्रदर्शनी का 27 सितंबर को इस प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण यंग आर्किटेक्ट फोरम का गठन रहेगा। इस अवसर पर चंडीगढ़, हरियाणा व पंजाब समेत अन्य राज्यों के युवा आर्किटेक्ट समारोह स्थल पर जुटेंगे और भविष्य की चुनौतियों पर मंथन करेंगे। 28 सितंबर को चार दिवसीय प्रदर्शनी का समापन होगा।
उन्होंने बताया कि चार दिनों के दौरान, विषय विशेषज्ञ आधुनिक निर्माण तकनीक, अग्नि सुरक्षा, सुरक्षा, रियल एस्टेट, साज-सज्जा और सजावट सहित विविध विषयों पर सेमिनार आयोजित करेंगे। यह प्रदर्शनी ट्राइसिटी क्षेत्र के सभी निवासियों के लिए खुली है। वास्तुकला में चंडीगढ़ की अद्वितीय वैश्विक प्रतिष्ठा पर प्रकाश डालते हुए, सह-अध्यक्ष सुव्रत खन्ना ने कहा कि चैंबर पिछले एक दशक से इस कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन कर रहा है, जिससे हजारों लोगों को निर्माण क्षेत्र में आधुनिक प्रौद्योगिकियों और अनुसंधान के बारे में बहुमूल्य जानकारी मिल रही है।