चण्डीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने लोगों को गुमराह करने के लिए विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार का जन्म हुआ, वही आज भ्रष्टाचार को खत्म करने की बात कर रहे है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने झूठा प्रचार करने के अलावा लोगों की भलाई के लिए कुछ नहीं किया।
हुड्डा आज यहां कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में प्रदेश के 12 जिलों से सैंकड़ों की तादाद में आये कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
सोनीपत के गोहाना में होने जा रही शक्ति रैली में कार्यकर्ताओं को ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर इसे सफल बनाने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा कई मामलों में नम्बर वन है और शक्ति रैली के बाद हरियाणा रैली आयोजित करने के मामले भी नम्बर वन हो जायेगा। ‘हरियाणा शक्ति रैली’ में जनहित में बड़े निर्णय लेने के संकेत देते हुए उन्होंने कहा कि इस दिन जनहित के कई अहम निर्णय लिये जायेंगे और यह रैली अब हुई रैलियों का रिकार्ड तोड़ेगी। रैली में कार्यकर्ता गुलाबी पगड़ी, चुन्नी तथा पटके में पहुंचे।
हरियाणा जनहित कांग्रेस (बीएल) के प्रमुख श्री कुलदीप बिश्नोई का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कुलदीप बिश्नोई प्रचार कर रहे है कि यदि वे सत्ता में आये तो भ्रष्टाचार को खत्म कर देंगे। उन्होंने कहा कि उनकी आदत किसी की आलोचना करने की नहीं है लेकिन सब जानते है कि हरियाणा में भ्रष्टाचार का जनक कौन है। उन्होंने कहा कि आज हजकां प्रमुख कुलदीप बिश्नोई किस भ्रष्टाचार को खत्म करने की बात कर रहे है।
इनेलो पर तीखा राजनैतिक प्रहार करते हुए हुड्डा ने कहा कि आज इनेलो के नेता भ्रष्टाचार के कारण जेल में है और बोल रहे है कि लोगों को नौकरियां देने के कारण उनको जेल हुई। हुड्डा ने कहा कि नौकरियां देने से किसी को जेल नहीं होती। लोगों को नौकरियां देना प्रत्येक सरकार का काम है। इनेलो नेताओं को इसलिए जेल हुई क्योंकि उन्होंने चयनित योग्य उम्मीदवारों के स्थान पर दूसरे लोगों को नौकरियां दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार ने भी बड़े पैमाने पर नौकरियां दी है और आगे भी देंगे जबकि पूर्ववर्ती सरकार ने चार वर्षां तक नौकरियों पर प्रतिबंध लगाकर रखा था। हुड्डा ने बताया कि इस समय विभिन्न विभागों तथा बोर्ड एवं निगमों में तृतीय तथा चतुर्थ श्रेणी के लगभग 65 से 70 हजार पद खाली है और उन्होंने अधिकारियों को 1 नवम्बर तक सभी खाली पदों का ब्यौरा देने के निर्देश दिये है, जिस पर जल्द कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।
कार्यकर्ताओं को अपनी ताकत बताते हुए हुड्डा ने कहा कि आज विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के पास कहने को बहुत कुछ है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने किसान, मजदूर, कर्मचारी, अनुसूचित जाति व पिछड़े वर्गों, महिलाओं सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किया है और आज कोई भी वर्ग विकास से अछूता नहीं है।
हुड्डा ने विपक्षी दलों को विकास पर खुली बहस की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में पूर्ववर्ती इनेलो-भाजपा सरकार के कार्यकाल में गन्ने का भाव 110 रुपये था और छह वर्षों के कार्यकाल में केवल सात रुपये का इजाफा हुआ जबकि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में गन्ने का भाव 301 रुपये है जो देश में सर्वाधिक है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पाले को प्राकृतिक आपदा की श्रेणी में शामिल करवाकर किसानों को मुआवजा दिलवाने का काम किया है और हाल ही में बारिश से खराब हुई फसलों के मुआवजे के लिए उन्होंने की विशेष गिरदावरी करवाने के आदेश दिए है।
हुड्डा ने कहा कि वर्ष 1999 में पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में वृद्धावस्था पेंशन 200 रुपये थी, जिसमें कोई इजाफा नहीं किया गया। वर्ष 2004 में इसे 300 रुपये करने की घोषणा की गई थी, जिसमें बढ़ोतरी कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान की हुई जबकि मौजूदा सरकार द्वारा 500 रुपये एवं 700 रुपये पेंशन दी जा रही है। बुढ़ापा पेंशन की राशि में आगे बढ़ौतरी करने के संकेत देते हुए हुड्डा ने कहा कि ‘यदि मौका लगा तो मैं इसमें एक जोटा और लगा दूंगा।’
विपक्ष द्वारा विशेष आर्थिक जोन के लिए किसानों की जमीन लेने संबंधी झूठे प्रचार पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि सरकार ने एक इंच सरकारी या किसानों की जमीन एसईजेड के नाम पर नहीं ली और यदि कोई ऐसा साबित कर दें तो वे इस्तीफा देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान ऐसा कोई शहर नहीं रहा, जहां निजी लाभ के लिए जमीन न कब्जाई गई हो। हुड्डा ने कहा कि किसानों के हित में सरकार ने अनूठी पुनर्वास एवं पुनस्र्थापना नीति लागू की है और किसानों को उनकी जमीन के अच्छे भाव दिलाकर उनकी हैसियत बढ़ाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत कमजोर वर्गों को 100-100 वर्ग गज के मुफ्त दिये है। अब तक 3 लाख 85 हजार लोगों को प्लाट दिये जा चुके है और इस समय गांवों में जहां भी जगह उपलब्ध है, वहां प्लाट दिये जा रहे है। हुड्डा ने कहा कि मौजूदा सरकार ने प्रदेश में चार नये बिजली संयंत्र लगाकर बिजली की समस्या का स्थाई समाधान निकाला है। उन्होंने दावा किया कि वे आने वाले समय में प्रदेश में बिजली की कमी नहीं आने देंगे।
खाद्य सुरक्षा अध्यादेश लागू करने के लिए यूपीए अध्यक्षा सोनिया गांधी तथा प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का आभार जताते हुए श्री हुड्डा ने कहा कि इस योजना से राज्य के 1.26 करोड़ लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ‘दाल रोटी योजना’ लागू की है, जिससे राज्य के 12.84 लाख बीपीएल परिवारों को 20 रुपये प्रति किलो की दर से दाल दी जा रही है।
रैली के लिए कार्यकर्ताओं को नारा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘टोहाना, उकलाना, उचाना, नरवाना, सोहना, इसराना, मुलाना.... सारा हरियाणा चलो गोहाना।’
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फूलचंद मुलाना ने रैली के लिए कार्यकर्ताओं में उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस रैली से कार्यकर्ताओं को विरोधी पक्षों के दुष्प्रचार को हराना है। उन्होंने कहा कि आज देश के बड़े औद्योगिक घराने एक साजिश के तहत सत्ता परिवर्तन की योजना बना रहे है। ये वे लोग है, जिनका संचार माध्यमों पर कब्जा है और एक व्यक्ति विशेष को बढ़ा चढ़ाकर प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस दुष्प्रचार के बारे में लोगों को बताना है।
मुलाना ने कहा कि गोहाना रैली को सफल बनाने की पूरी जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है। कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी लें और पूरी निष्ठा से निभाये। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सर्वोपरि है और देश व प्रदेश में कांग्रेस का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में तीसरी बार भी कांग्रेस की सरकार बनेगी।
रैली स्थल की रूपरेखा से कार्यकर्ताओं को अवगत करवाते हुए प्रो वीरेन्द्र ने बताया कि यह रैली हरियाणा के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी रैली होगी, जिसकी तुलना भविष्य में भी की जायेगी। उन्होंने बताया कि पंचकूला से सोनीपत तक सडक़ मार्ग चार मार्गी है, जिससे लोगों को रैली में पहुंचने में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि रैली के लिए गोहाना में 500 एकड़ जमीन का चयन किया गया है, जहां लगभग 20 हजार से ज्यादा वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था की जायेगी।
बैठक को पूर्व सांसद श्री रणजीत सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा, चेयरमैन हरियाणा पर्यटन निगम चक्रवर्ती शर्मा, मुख्यमंत्री के ओएसडी रणधीर सिंह, अतिरिक्त मीडिया सलाहकार सुनील परती, आनंद सिंह दांगी, पूर्व सांसद जय प्रकाश, कैलाशो सैनी, पूर्व विधायक रणबीर मोहेन्द्रा, श्रीमती मीणा मंडल के अलावा कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।