चण्डीगढ़ - रजिस्ट्रार को-ओपरेटिव सोसाइटी, हरियाणा की अपर रजिस्ट्रार पूनम नारा ने इलैक्ट्रोनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी भारत सरकार द्वारा आयोजित ई-शासन कार्यकारी कार्यक्रम में राज्य का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय कार्यक्रम में न केवल उनके नेतृत्व में एक टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, बल्कि वे व्यक्तिगत रूप से भी ओवरआल श्रेष्ठ प्रतिभागी चुनी गई। कार्यक्रम का आयोजन हैदराबाद में 1 जुलाई से 5 अक्तूबर, 2013 तक किया गया।
इस कार्यक्रम में ई-थ्राइव ग्रुप का भी पूनम नारा ने नेतृत्व किया और उन्हें ई-कोप (सहकारिता विभाग में ई-शासन) पर श्वेत पत्र प्रस्तुतिकरण में प्रथम स्थान हासिल हुआ। उन्होंने ग्रुप प्रदर्शन में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 700 में से सर्वाधिक 513 अंक प्राप्त किये।
पूनम नारा ने केन्द्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत कार्यरत नेशनल इन्स्टीच्यूट ऑफ स्मार्ट गवर्नमैंट, हैदराबाद द्वारा आयोजित 6 सप्ताह के यूरोप के अध्ययन दौरे सहित आवासीय ई-शासन कार्यकारी कार्यक्रम में हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया। कार्यक्रम का आयोजन दो चरणों में किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों से अलग-अलग विभागों के 25 अधिकारियों ने भाग लिया।
सार्वजनिक सेवा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्घता के उद्देश्य से ई-शासन कार्यकारी कार्यक्रम का पहला चरण 1 जुलाई से 20 जुलाई तक हैदराबाद और अहमदाबाद में आयोजित किया गया, जबकि दूसरे चरण का आयोजन 15 सितम्बर से 5 अक्तूबर तक हैदराबाद और यूरोप में किया गया। कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश में ई-शासन को बढ़ावा देना तथा ज्ञान के संदर्भ में गहन समझ और कौशल प्रदान करना है।
कार्यक्रम के दौरान नारा द्वारा प्राप्त की गई उत्कृष्ट उपलब्धियों की सराहना करते हुए नेशनल इन्स्टीच्यूट ऑफ स्मार्ट गवर्नमैंट, हैदराबाद के उपाध्यक्ष डॉ0 पीयूष गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय ई-शासन योजना की विभिन्न परियोजनाआ के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में तथा ई-शासन की नीतियां बनाने और उनके क्रियान्वयन में उनके अनुभव से हरियाणा सरकार लाभान्वित होगी।