पंचकूला: (एफपीएआई) की पंचकूला शाखा द्वारा “सुनहरी शाम” कार्यक्रम का चौथी बार सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर जस्टिस ऋतु बाहरी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
कार्यक्रम में ट्राइसिटी क्षेत्र (चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली) के लगभग 500 से अधिक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अतिरिक्त, एफपीएआई मुख्यालय से सुश्री निशा जगदीश, डॉ. नीलेश पाटिल व श्री पराग दत्त शर्मा की उपस्थिति रही, जिसने इस आयोजन को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रत्नमाला देसाई एवं संस्था की डायरेक्टर जनरल डॉ. कल्पना आप्टे ने वीडियो संदेश के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “Her Voice, Her Choice” रही, जिसका उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों, विशेष रूप से यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य और अधिकार (SRHR) के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। यह आयोजन एफपीएआई की एसआरएचआर के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता तथा उपलब्धियों के उत्सव के रूप में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, जागरूकता गतिविधियों एवं संवाद सत्रों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित किया गया। कार्यक्रम में ब्रांच के युवा श्री लक्ष्मण द्वारा प्रस्तुत भरतनाट्यम को विशेष रूप से सराहा गया। इसके अतिरिक्त रेट्रो म्यूजिक, स्टैंड-अप कॉमेडी, भांगड़ा एवं अन्य प्रस्तुतियों ने श्रोताओं का मन मोह लिया।
उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। एफपीएआई पंचकूला शाखा भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी, ताकि समाज में जागरूकता और सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा सके।