पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हुए प्रतिष्ठित खेल आयोजन
क्रिकेट में यूपीएससी और वॉलीबॉल में सीएसआईआर बनी चैंपियन
पिलानी, 1 फरवरी, - सीएसआईआर–केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (सीरी), पिलानी में 27 जनवरी 2026 से आयोजित खेल महाकुंभ का समापन आज पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। इस बहुप्रतीक्षित खेल आयोजन के अंतर्गत आत्माराम मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट एवं नायुडम्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया।
आत्माराम मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में सीएसआईआर की टीम ने मेज़बान सीरी की टीम को पाँच सेट तक चले अत्यंत रोमांचक और कांटे के मुकाबले में पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं, नायुडम्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में यूपीएससी की टीम ने भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की टीम को हराकर पहली बार यह प्रतिष्ठित ख़िताब अपने नाम किया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि महेंद्र कुमार गुप्ता, संयुक्त सचिव (प्रशासन) रहे। अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई दी। स्वागत एवं अध्यक्षीय संबोधन निदेशक सीएसआईआर–सीरी डॉ. पी.सी. पंचारिया ने दिया। इस अवसर पर स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड द्वारा टूर्नामेंट के पर्यवेक्षण हेतु नियुक्त दोनों सदस्य भी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि महेंद्र कुमार गुप्ता एवं निदेशक डॉ. पी.सी. पंचारिया ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफियाँ प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही, सभी मैचों के प्लेयर ऑफ द मैच, मैच ऑफिशियल्स एवं आयोजन में योगदान देने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
क्रिकेट प्रतियोगिता में यूपीएससी के अजय कुमार को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार यूपीएससी के अजय कुमार तथा बेस्ट बॉलर का पुरस्कार यूपीएससी के ही यशवीर गजराज को प्रदान किया गया। वहीं बेस्ट फील्डर का पुरस्कार भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की टीम के नवीन तेहलान को प्रदान किया गया।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सीरी के विजय बुडानिया को टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में सम्मानित किया गया। इसके अलावा, बेस्ट बूस्टर का पुरस्कार सीएसआईआर टीम के राजीव को तथा बेस्ट स्मैशर का पुरस्कार सीएसआईआर टीम के पृदवी को प्रदान किया गया।
पांच दिवसीय टूर्नामेंट में सीएसआईआर–सीरी और सीएसआईआर सहित यूपीएससी, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय, इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, एन आईए एवं एनआईसी की टीमों ने भाग लेकर खेल महाकुंभ की गरिमा को और ऊँचाइयाँ प्रदान कीं।
आयोजन सचिव डॉ. नीरज कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का जीवंत एवं संचालन वरिष्ठ हिंदी अधिकारी रमेश बौरा ने किया।
खिलाड़ियों ने आयोजन के दौरान उपलब्ध कराई गई सभी सुविधाओं हेतु निदेशक एवं आयोजन समिति के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।