चंडीगढ़ - सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया केन्द्रीय कार्यालय द्वारा संचालित अखिल भारतीय रिटेल ऋण आउटरीच अभियान के तहत चण्डीगढ़ क्षेत्र में आज एक सफल एवं प्रभावी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय कार्यालय, मुंबई से पधारे महाप्रबंधक श्री डी.के. अर्जवानी ने की। उनके साथ क्षेत्रीय प्रमुख श्री राम कुमार यादव, बैंक के वरिष्ठ अधिकारी एवं एस.डी. कॉलेज, सेक्टर-32 के प्रधानाचार्य डॉ. अजय शर्मा सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर बैंक अधिकारियों द्वारा ग्राहकों को सेंट गृह लक्ष्मी योजना, सेंट होम लोन, सेंट व्हीकल लोन एवं सेंट गोल्ड लोन सहित बैंक की प्रमुख रिटेल ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
ग्राहकों की शंकाओं के समाधान हेतु सुझाव एवं प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि श्री अर्जवानी ने अपने संबोधन में बैंक की रिटेल योजनाओं, ग्राहक सेवा पहलों तथा डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म ‘सेंट ईज़’ के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने ग्राहकों को साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की सलाह भी दी।
कार्यक्रम के दौरान रिटेल योजनाओं के अंतर्गत ₹45.45 करोड़ के ऋण स्वीकृत किए गए।