अर्की — अर्की निवार्चन क्षेत्र के दिग्गल व कसौली निर्वाचन क्षेत्र धर्मपुर में सरकारी कालेज खुलेगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोमवार को अर्की में दो दिवसीय ऐतिहासिक सायर मेले के उद्घाटन अवसर पर दिग्गल में कालेज खोलने की घोषणा के अलावा कई सौगातें दीं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सोलन जिला के धर्मपुर कालेज के भवन निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपए मंजूर करने की भी घोषणा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अर्की में 4.52 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन किए। इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अर्की अस्पताल में भवन के निर्माण को 1.02 करोड़ रुपए की राशि जारी हो चुकी है, लेकिन भवन का अभी तक निर्माण क्यों नहीं हुआ, वह इसे जरूर देखेंगे। यही नहीं, उन्होंने कहा कि वह अस्पताल का मौका जरूर देखेंगे। अर्की में जनसभा खत्म होने के बाद उन्होंने अस्पताल का दौरा किया। इस मौके पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग को अस्पताल के नए भवन का निर्माण एक महीने में शुरू करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने नागरिक अस्पताल अर्की की क्षमता 50 बिस्तर और बढ़ाने की घोषणा की। इसके अलावा अस्पताल में ऐनेलाइजर, एक्सरे मशीन और जेनरेटर लगाने के भी निर्देश दिए। इससे पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का बहुत ही गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उन्हें शिव मंदिर बाजार से मेला स्थल तक अश्व में लाया गया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा काली माता मंदिर में पूजा करके दो दिवसीय सायर मेले का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. धनीराम शांडिल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल ठाकुर, विधायक गोविंद राम शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष संजय अवस्थी, श्रमिक व कामगार कल्याण बोर्ड अध्यक्ष हरदीप सिंह, रमेश चौहान, सुरेंद्र सेठी, मेला कमेटी अध्यक्ष सीमा शर्मा, सतीश कश्यप, कांशी राम शर्मा, राजेंद्र रावत, ऋषिदेव,नरेश ठाकुर, जीतराम ठाकुर, सुरेंद्र शुक्ला, भारवी शर्मा व अनुज गुप्ता भी मौजूद थे।