चंडीगढ - हरियाणा रोजगार विभाग द्वारा रोहतक में स्कूल छोड़ने वाले विद्यार्थियों को उनको कॅरियर बारे मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है जो कि 25 जनवरी तक चलेगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए रोजगार विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि इस व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के दौरान रोहतक के रोजगार कार्यालय में कॅरियर संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल छोड़ने वाले प्रार्थियों को रोजगार व प्रशिक्षण संबंधी सुविधाओं के बारे में विस्तृत रूप से बताया जा रहा है व विद्यार्थी अपनी योग्यता व रूचि अनुसार व्यवसाय का चयन कैसे करें इस पर भी प्रकाश डाला जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस दौरान तकनीकी शिक्षा प्राप्त प्रार्थियों को स्वरोजगार अपनाने के विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं व सुविधाओं की भी विस्तार से जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के कार्यक्रमों में सुयोग्य वक्ता भाग ले रहे हैं और रोहतक के रोजगार कार्यालय में व्यावसायिक मार्गदर्शन की प्रदर्शनी भी लगाई गई है।