शिमला - मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने केन्द्रीय भूतल परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस से नयी दिल्ली में भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने फर्नांडिस से आग्रह किया कि हिमाचल प्रदेश की विभिन्न परिवहन अधोसंरचना परियोजनाओं के लिए उदारतापूर्वक धनराशि उपलब्ध करवाई जाए।
प्रतिभा सिंह ने केन्द्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग-21 पर कीतरपुर से नेरचौक तक राजमार्ग के फोरलैन के कार्य को 45 मीटर चौड़ाई के अनुसार निर्मित किया जाए। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय भूतल परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने नौलखा से डडौर के मध्य लगभग 4.71 किलोमीटर लम्बे मार्ग पर चौड़ाई 24 मीटर के अनुसान निर्मित करने का निर्णय लिया है। जबकि इसी राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर शेष स्थानों पर चौड़ाई 45 मीटर रखी जाएगी। उन्होंने मांग की कि नौलखा से डडौर तक बाईपास के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की जाए ताकि स्थानीय लोगों को विस्थापित न होना पड़े। उन्होंने कहा कि बाईपास स्वीकृत होने के उपरांत नौलखा से डडौर के मध्य भी सड़क निर्माण का कार्य 45 मीटर चौड़ाई के अनुरूप किया जा सकता है।
ऑस्कर फर्नाडिस ने प्रतिनिधिमंडल को विश्वास दिलाया कि मंत्रालय राष्ट्रीय उच्च मार्ग 21 के उन स्थानों पर बाईपास निर्माण के प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगा जहां विभाग को 45 मीटर चौड़ा फोरलैन मार्ग निर्मित करने में समस्या आ रही है। उन्होंने यह विश्वास भी दिलाया कि मंत्रालय हिमाचल प्रदेश की सभी सड़क नेटवर्क परियोजनाओं के लिए उदारतापूर्वक धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी।