चंडीगढ - हरियाणा के मुख्य संसदीय सचिव रामकिशन फौजी ने आज जिला भिवानी में जलभराव से ग्रस्त कृषि भूमि का दौरा कर फसलों में हो रहे नुकसान का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि यह समस्या शीघ्र मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समक्ष रखी जाएगी।
फौजी ने आज जिला भिवानी के गांव खेड़ी दौलतपुर, कुंगड़, कुंगड़ भैणी, तालु, मुंढाल, जताई व धनाना का दौरा किया। उन्होंने कपास, धान आदि फसलों में हो रहे नुकसान का जायजा लिया तथा किसानों से बातचीत की। ग्रामीणों ने मुख्य संसदीय सचिव को बताया कि खेतों में एक से दो फुट और कहीं-कहीं तीन फु ट तक पानी भरा हुआ है। पानी की लगातार निकासी न होने के कारण उनकी 70 से 80 प्रतिशत तक फसल नष्ट हो चुकी है।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि बरसात के कारण यह जलभराव की समस्या पैदा हुई है। हालांकि सरकार ने इस क्षेत्र में करीब 70 करोड़ रूपये की लागत से बनाई गई समैण-धमाणा ड्रेन का निर्माण करवाकर जल निकासी की व्यवस्था की है। इसके अलावा और भी करीब एक दर्जन ड्रेनों का निर्माण करवाया गया है। उन्होंने बताया कि करीब 52 लाख की लागत से सुंदर नहर के साथ कुंगड़ ड्रेन का निर्माण और करवाया जाएगा, जिसकी लंबाई 1900 फुट की होगी। इसकी मुख्यमंत्री से मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने मौके पर ही सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी निकासी के कार्य में और तेजी लाई जाए। उन्होंने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि गांव कुंगड़ भैणी में सडक़ के साथ-साथ ड्रेन तक एक नाले का निर्माण करवाया जाए ताकि बरसाती पानी की निकासी सुनिश्चित की जा सके।
फौजी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री से मिलकर किसानों को मुआवजा दिलवाने का अनुरोध करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि किसान हितैषी हुड्डा अवश्य उनकी सुनवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के शासनकाल में बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के किसानों को पर्याप्त नहरी पानी उपलब्ध करवाने के लिए अनेक ठोस कदम उठाए गए हैं, जिसके फलस्वरूप जहां कभी सूखे की समस्या रहती थी, वहां अब किसान भरपूर फसल की पैदावार का लाभ उठा रहे हैं।