चंडीगढ - बिजली वितरण प्रणाली सुधार अभियान के अन्तर्गत उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने जिला पंचकूला के 11 गांवों में सुधार का कार्य पूरा कर लिया है। यह अभियान 1 जनवरी 2013 को शुरू किया गया था।
यह जानकारी देते हुए निगम के प्रवक्ता ने आज बताया कि निगम ने गांव नगल, मोगीनन्द, पपलोहा, गोदाम, लोहगढ़, मढ़ावाला, मल्लाह, गढ़ी कोटाहा, डंडरोल, रतौड़ और भेरौली में बिजली सुधार का कार्य पूरा कर लिया है। गांव सकेतड़ी, माणक्यां, छप्पर, खोखरा, रत्तेवाली, ढंढारडू़, बटवाल, खेड़ी, रायपुररानी, शाहपुर और रहणा में कार्य प्रगति पर है। जनवरी माह के दौरान 33 गांवों में बिजली सुधार का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। शेष गांवों में भी योजना के अनुरूप इस माह के अंत तक सुधार कार्य पूरे कर लिये जाएंगे।
निगम ने गर्मी और धान के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकतानुसार वितरण ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई है और नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। ट्रांसफार्मरों का रख रखाव, नए ख्बे लगाने और जर्ज़र तारों को बदलने का कार्य युद्ध स्तर पर प्रारम्भ किया गया है। सुधार कार्यक्रम में सभी स्थानों पर ये कार्य प्राथमिकता से किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिचालन उपमंडल में सुधार कार्य के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। यह अभियान आगामी 30 जून तक जारी रहेगा। निगम सुधार के मासिक कार्यक्रम बना रहा है। इस अवधि तक सभी गांवों, वार्ड तथा सेक्टरों में सुधार कार्य करवाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान में सरपंचों, पंचों तथा अन्य जन प्रतिनिधियों को भी शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। वितरण प्रणाली में सुधार से आपूर्ति से संबंधित शिकायतों में उल्लेखनीय कमी आएगी। इसके साथ ही, जन प्रतिनिधियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही बिजली बिल माफी योजना के अन्तर्गत अपने बकाया बिलों का भुगतान करने और बिजली की चोरी न करने का अनुरोध किया जाएगा।
निगम ने सुधार कार्य की अच्छी गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के लिए यह भी निर्णय किया है कि कार्यकारी अभियंता रोज बाद दोपहर किये गए और किये जा रहे कार्य का निरीक्षण करेंगे। कार्य प्रारम्भ करने से पूर्व और पूर्ण करने के उपरांत उसकी वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी।