चंडीगढ़ - हरियाणा सरकार ने पहली, सितम्बर, 2013 से चण्डीगढ़ से हिसार, रोहतक, रेवाड़ी और यमुनानगर तक के लिये अपनी विशिष्ट वोल्वो एवं मर्सिडीज़ बैंज बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। मुख्य मंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने आज कहा कि इन शहरों के लिये यह विशिष्ट वोल्वो एवं मर्सिडीज़ बैंज बस सेवा राज्य में पहली बार शुरू की जा रही है।
राज्य परिवहन विभाग के महा निदेशक अरूण कुमार ने राज्य में इन शहरों के लिये पहली बार शुरू की जा रही ऐसी बस सेवा के बारे विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि चंडीगढ़ से हिसार के लिये यह लग्जरी बस सांय पांच बजे चलेगी और अम्बाला शहर, कैथल और नरवाना से होते हुए रात्रि 9.30 बजे हिसार पहुंचेगी। हिसार से यह बस प्रातः 5.30 बजे चलेगी और प्रातः दस बजे चण्डीगढ़ पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ से रोहतक के लिये यह लग्जरी बस सांय पांच बजे चलेगी और अम्बाला छावनी, पिपली, करनाल, पानीपत और गोहाना से होते हुए रात्रि 9.00 बजे रोहतक पहुंचेगी। रोहतक से यह बस प्रातः छः बजे चलेगी और प्रातः लगभग दस बजे चण्डीगढ़ पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ से रेवाड़ी के लिये यह लग्जरी बस रात्रि 10.00 बजे चलेगी और अम्बाला छावनी, पिपली, करनाल, पानीपत, रोहतक और झज्जर से होते हुए प्रातः 5.00 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। रेवाड़ी से यह बस प्रातः नौ बजे चलेगी और सांय चार बजे चण्डीगढ़ पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज द्वारा चण्डीगढ़ से यमुनानगर के लिये भी यह प्रतिष्ठित बस सेवा शुरू की जायेगी। यह बस चण्डीगढ़ से प्रातः चलकर यमुनानगर होते हुए दिल्ली तक जायेगी और शाम को इसी मार्ग से होते हुए वापिस लौटेगी। उन्होंने कहा कि इन बसों की विशेषता यह है कि यह एक्सप्रैस सेवा होगी और मार्ग में आने वाले केवल महत्वपूर्ण स्थलों पर ही यात्रियों को चढ़ाये एवं उतारेगी। उन्होंने कहा कि इन बसों में यात्रियों को हिसार के लिये 345 रुपये , रोहतक के लिये 350 रुपये, रेवाड़ी के लिये 510 रुपये और यमुनानगर के लिये 170 रुपये का किराया देना होगा। उन्होंने कहा कि इन बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को करनाल तक की यात्रा के लिये 200 रुपये अदा करने होंगे। इसीप्रकार, रेवाड़ी जा रही बस से यात्रा करने वाले यात्री को झज्जर तक के लिये 450 रुपये और रोहतक जा रही ऐसी बस से यात्रा करने वाले यात्री को गोहाना तक के लिये 310 रुपये अदा करने होंगे।